पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अतिक्रमण सख्ती से हटवाएं, जुर्माना वसूलें और करें कार्रवाई : कलेक्टर

अतिक्रमण सख्ती से हटवाएं, जुर्माना वसूलें और करें कार्रवाई : कलेक्टर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - दमोह
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बुधवार को जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह ने की। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को जिले में बेहतर राजस्व प्रशासन व्यवस्था बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी अपने-अपने इलाकों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दें।
यदि अतिक्रमण हो चुका है, तो उसे सख्ती से हटवाने के लिए मुहिम चलाएं। ऐसे अतिक्रामकों पर अर्थदंड लगाएं और इस तरह के अर्थदंड के अलावा अन्य किसी भी श्रेणी के अर्थदंड की वसूली भी पूरी सख्ती से करें। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को बैंक से संबद्ध प्राथमिक कृषि शाख समितियों के कालातीत कृषक सदस्यों के विरुद्ध ऋण वसूली के लिए कृष योजना के अंतर्गत वसूली और ब्रिस्क वसूली में तेजी लाकर ३१ मार्च २०१४ तक सारी वसूली कर लेने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर एसके सेबले, अपर कलेक्टर डॉ. जगदीश जटिया, संयुक्त कलेक्टर नंदा कुशरे, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गेहूं खरीदी के लिए पंजीयत किए गए किसानों का वैरीफिकेशन कर लें। खाद्यान्न का वितरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित कर लें। सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त मामलों का निराकरण ४८ घंटे में कर लें और राजस्व पुस्तक परिपत्र ६ ((४)) से संबंधित आर्थिक मदद वाले मामलों में आर्थिक सहायता फौरन वितरित कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी बड़ी तत्परता पूर्वक राजस्वगत और गैर राजस्वगत मामलों का निराकरण करें और अपने अधीन पटवारियों को यह आदेशित करें कि वे फौरन अपने-अपने हल्का क्षेत्र के गांव में बी-१ का वाचन करा लें। अपने न्यायालय में लंबित राजस्व और दाण्डिक मामलों का निराकरण तेजी से करें और मार्च माह के अंत तक भू-राजस्व, भू-भाटक, आरआरसी व अन्य बैंक वसूली का लक्ष्य पूरा कर लें।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को अर्थदंड की वसूलियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करने पाए। यदि किसी ने आवागमन मार्ग पर अतिक्रमण कर लिया है तो ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध अधिक से अधिक राशि का अर्थदंड लगाकर इन्हें जेल भेजें। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी अधिकाधिक राजस्व मामलों का निराकरण कर साप्ताहिक रिपोर्ट अपने एसडीएम को दें और एसडीएम उन्हें वीकली रिपोर्ट देंगे। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न प्रकार के राजस्व प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा भी की।