- Hindi News
- सड़क हादसे में संघ के विभाग सह कार्यवाह की मृत्यु
सड़क हादसे में संघ के विभाग सह कार्यवाह की मृत्यु
नगर संवाददाता - सागर
सागर-बंडा मार्ग पर केरबना के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सागर, दमोह व बीना के विभाग सह कार्यवाह प्रदीप उपाध्याय को कुचल दिया। उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वे स्वास्थ्य विभाग के एमपीडब्ल्यू थे। हादसा उस वक्त हुआ, जब वे अपनी बाइक से कर्रापुर जा रहे थे और पीछे से ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
बहेरिया पुलिस के अनुसार प्रदीप उपाध्याय अपनी बाइक क्रमांक एमपी 15 एमडी 2622 से कर्रापुर में स्वास्थ्य विभाग की मीटिंग में शामिल होने जा रहे थे। सागर-छतरपुर रोड पर दोपहर करीब 12.30 बजे साहू कृषि फार्म के सामने ट्रक क्रमांक एमएच 04 जीसी 8068 ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में उपाध्याय का सिर पहिए के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि उनके सिर से सीने तक का हिस्सा क्षत-विक्षत हो गया था। टक्कर मारने के बाद ट्रक का चालक व क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग निकले।