- Hindi News
- लोक सेवा केंद्र में जमा आवेदनों को नहीं किया जा रहा है फीड
लोक सेवा केंद्र में जमा आवेदनों को नहीं किया जा रहा है फीड
भास्कर संवाददाता - दमोह
शहर के तहसील परिसर में संचालित लोक सेवा केंद्र में पहुंचने वाले आवेदकों को परेशान होना पड़ रहा है। कभी आवेदन में गड़बड़ी, तो कभी अधूरा आवेदन बताकर, तो कभी कुछ कमियां बताकर उन्हें लौटा दिया जाता है। यहां तक कि जमा किए गए आवेदकों को भी केंद्र से गुमा दिया जाता है। जिससे लोग महीनों तक केंद्र के चक्कर लगाते रहते हैं। इससे लोगों के रुपए भी खर्च होते हैं और काम भी नहीं बनता। बुधवार को केंद्र में आए खड़ेरा निवासी खेमचंद पिता मोहन रैकवार ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले आय और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोकसेवा केंद्र में आवेदन जमा किए थे और इसकी रसीद भी उन्हें दी गई थी। जिसके बदले उनसे प्रत्येक आवेदन का तीस रुपए शुल्क भी लिया गया था, लेकिन जब वे बुधवार को यहां आए, तो उन्हें केवल जाति प्रमाण पत्र ही दिया गया और कहा गया कि उनका एक ही आवेदन आया है। दूसरा आवेदन उनके पास नहीं है यदि प्रमाण पत्र बनवाना है तो दूसरा आवेदन जमा करें।
मात्र आवेदन बनवाने में २५० रुपए खर्च : खेमचंद ने बताया कि उन्होंने जब आवेदन कम्पलीट कराए थे, तो उन्हें तहसील परिसर में बैठकर काम करने वाले को २५० रुपए देना पड़े थे। इसके बाद आवेदनों को जमा करने पर ६० रुपए लगे थे। इसके अलावा आने-जाने में किराया भी लगा। इस तरह उनके लगभग पांच रुपए केवल आवेदन जमा करने में हुए थे, लेकिन यहां उनका आवेदन ही गुमा दिया गया और दोबारा आवेदन जमा करने को कहा जा रहा है। दो आवेदनों में केवल उन्हें आय प्रमाण दिया गया है, जबकि निवास प्रमाण के लिए दिया गया आवेदन न तो कंप्यूटर में लिस्ट में मिल रहा है और नहीं उसका कोई रिकॉर्ड यहां मिल रहा है। कर्मचारी द्वारा दूसरे आवेदन के बाद प्रमाण पत्र देने की बात बताई गई। इससे उन्हें दोबारा रुपए खर्च करने पड़ेगे और परेशानी होगी। उन्होंने बताया कि उनके साथ गांव के मोहन यादव सहित अन्य लोगों ने भी आवेदन दिए थे जिन्हें प्रमाण पत्र मिल गए।
जरा सी गलती पर आवेदन नहीं लिया जाता
शहर के खजरी मोहल्ला निवासी सुनील पटेल ने बताया कि वे गरीबी रेखा सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन जमा करने आए थे, लेकिन उनका आवेदन नहीं लिया गया और कहा गया कि आवेदन ठीक से नहीं भरा गया है। सही आवेदन लेकर आएं उन्हें यह भी नहीं बताया गया कि आवेदन में क्या कमी है। इसी प्रकार एक वृद्धा को पेंशन संबंधी आवेदन के लिए परेशान होना पड़ा। संदीप ने बताया कि केंद्र में काम की जो समय सीमा निर्धारित की गई है उसके अनुसार काम नहीं होता है लोगों को प्रमाण पत्र के लिए महीनों केंद्र के चक्कर लगाना पड़ते हैं।
लोगों में जागरुकता नहीं है
लोक सेवा केंद्र प्रभारी राजीव गोस्वामी का कहना है कि लोग स्वयं जागरुक नहीं है। आवेदनों को जमा करके भूल जाते हैं कि उन्हें कब बुलाया गया था, जो समय दिया जाता है उस समय में आते नहीं है। महीनों बाद आकर प्रमाण पत्र मांगते हैं। आवेदन कंप्यूटर में फीड होते हैं और आवेदकों को रसीद भी दी जाती है यदि रसीद गुम जाती है, तो उसमें क्या कर सकते हैं। इस तरह के लोगों के लिए रविवार को सुबह ११ बजे से १ बजे तक का समय दिया जाता है वे इस दिन आकर अपनी समस्या का हल करा सकते हैं।
दमोह। लोकसेवा केंद्र में आवेदक हो रहे परेशान।