- Hindi News
- कार्यालयों में चल रहा दुरुस्तीकरण का काम मुख्यमंत्री के आने से पहले शुरु हो गईं तैयारियां
- कार्यालयों में चल रहा दुरुस्तीकरण का काम- मुख्यमंत्री के आने से पहले शुरु हो गईं तैयारियां
भास्कर संवाददाता - टीकमगढ़
५ फरवरी को मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दीं हैं। कलेक्टोरेट में जहां प्रत्येक कार्यालय को अपडेट किया जा रहा है वहीं अधिकारी अपने अधिनस्त कर्मचारियों को उनके दायित्वों से अवगत करा रहें हैं। ताकि एनवक्त पर किसी तरह की परेशानी खड़ी न हो। बताया जाता है कि टीकमगढ़ में प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री रात रुकेंगे और कार्यालयों का निरीक्षण भी करेंगे। हालांकि अभी भी इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं हुई है। मगर संभावना को देखते हुए तैयारियां प्रारंभ हो गईं हैं।
ज्ञात हो कि इससे कुछ दिन पहले कमिश्रर आरके माथुर ने कार्यालयों का जायजा लिया था और रिकार्ड चेक किए थे, जहां पर उन्हें गड़बड़ी मिली थी, उसे ठीक करने का आदेश दिया है। इस बीच जनपद सीईओ उदयराज सिंह को सस्पेंड भी उन्होंने किया था। जिसके बाद से प्रशासन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारी और कर्मचारियों को उनके दायित्व और कार्य संबंधी जानकारियां दीं जा रही हैं। साथ ही रिकार्डअपडेट करने के लिए कहा गया है।
कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे ने बताया कि मुख्यमंत्री भ्रमण के दौरान जिले के मैदानी कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने वाले हैं। सीएम के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अधिकारी अपने कार्यालयों का रिकॉर्ड अप-टू-डेट करने में जुटे हैं। ऐसे उन्हें निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने वाले इस औचक निरीक्षण के संबंध में डॉ. खाडे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों के निर्वहन को लेकर पूरी तरह सतर्क रहें तथा कार्य संपादन में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरतें।डॉ. खाडे ने बताया कि आम जनता को लोक सेवाओं का लाभ सीधा मिल सके, इसलिए मुख्यमंत्री ने पिछले सप्ताह कुछ जिलों में मैदानी स्तर पर भ्रमण किया है, जिसमें कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई भी हुई। उन्होंने बताया कि कलेक्टारेट का प्रत्येक कार्यालय स्थल तथा अनुभाग कार्यालय का कार्य पूर्व निर्धारित किया जा रहा है, ताकि लापरवाही या समस्या होने पर तुरंत जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही अच्छा काम करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची भी तैयार की जा रही है, जिसकी प्रशंसा की जाए तथा उनके कार्य की सराहना कर पुरस्कृत किया जा सके।
खामियां सुधारने में लगा अमला