गाजे-बाजे के साथ निकली मशाल रैली
भास्कर संवाददाता। टीकमगढ़
65 वें अखिल भारतीय वीर सिंह जू देव हॉकी टूर्नामेंट को लेकर बुधवार को नगर में गाजे-बाजे के साथ मशाल रैली निकाली गई। रैली नजरबाग प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई अमर शहीद नारायणदास खरे स्टेडियम पहुंची। इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
नजरबाग से कलेक्टर डॉ.सुदाम खांडे ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बताया जाता है कि हॉकी टूर्नामेंट राजकालीन समय से नगर में होता आया है। जिसमें भारत वर्ष से टीमें शामिल होने आती हैं। रैली के दौरान जहां देशभक्ति गीत की धुनें गुंजायमान हो रही थीं,वहीं बग्गी में सवार महाराजा वीर सिंह जू देव की आकर्षक झांकी लोगों का मन मोह रही थी,जहां बग्गी के आंगे घोड़ों पर सवार महाराजा की सेना अगुवाई कर रही थी,वहीं तिरंगे को हाथ में लेकर छोटे-छोटे स्कूली छात्रों को देखकर लोग मंत्रमुग्ध होते हुए दिखाई दिए। इस मशाल जुलूस में एसपी अमित सिंह,विधायक के.के श्रीवास्तव, डीईओ आरएन नीखरा, राहुल सिंह,गोपाल सिंह राय,राजकुमार यादव, बृजकिशोर तिवारी,सुनील जैन,प्रिंस जैन सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।