रेलवे ट्रैक पर ट्रक बंद
निज संवाददाता - जरुआखेड़ा
रेलवे गेट नंबर-11 पर गुरुवार की सुबह एक हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार सागर की ओर से सीमेंट लेकर आ रहा ट्रक क्रमांक एमपी-20-एचबी-268 रेलवे गेट क्रमांक-11 के टै्रक पर डीजल खत्म होने से बंद हो गया। उसी समय दमोह-ग्वालियर पैंसेजर ट्रेन के अलावा दो मालगाडिय़ां आने वाली थी लेकिन सूचना मिलते ही उन्हें जरुआखेड़ा स्टेशन पर रोका गया। करीब एक घंटे गेट बंद होने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई और सैकड़ों वाहन चालक परेशान हुए। इसके अलावा ट्रेन में बैठे मुसाफिर परेशान रहे। खासकर वे यात्री ज्यादा परेशान रहे जो अप-डाउन करते हैं। गेटमैन गौरब दुवे ने बताया कि ट्रक को बड़ी मुश्किल से टै्रकसे दूर किया गया। पीडब्लूआई सुखराम ने बताया कि तीनों गाडिय़ों को कॉसन ऑर्डर लगाकर निकाला गया। ट्रक ड्राइवर मुकेश यादव का कहना है ट्रक में सीमेंट भरा है। डीजल खत्म होने से ट्रक बंद हो गया था। जनता का कहना है एक साल पहले यहां ओवरब्रिज स्वीकृत हो गया है लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हुआ जिससे आए दिन ऐसे हादसे होते हैं।
बाइक से टक्कर मारी
खुरई - घोरट गांव में पुलिया के पास सौरभ पिता भाव सिंह लोधी को बाइक चालक दीपक लोधी ने टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
देवरी के रजौला चौराहे पर डंपर पलटने से दो महिलाओं सहित बालिका घायल
देवरीकलां - देवरी थाना अंतर्गत रजौला चौराहे पर देवरी-रहली रोड पर डस्ट से भरा डंपर क्रमांक एमपी-34-0248 पलट गया। हादसे में मासूम बालिका समेत दो महिलाएं घायल हो गईं। एक महिला और बालिका को ज्यादा चोटें आने पर जिला अस्पताल रैफर किया गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर बरमान से नर्मदा स्नान कर लौटी कुसुमरानी पति लाल सिंह पटेल 50, उनकी बेटी सरोज 30 और नातिन पूजा पांच साल सड़क किनारे बैठी थी। इसी बीच डस्ट से भरा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया और तीनों उसके नीचे दब गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने तीनों को निकाला और स्थानीय अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद 108 एबुंलेंस से कुसुमरानी और पूजा को ज्यादा चोटें आने पर सागर रैफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।