- Hindi News
- सरकारी विभागों पर डेढ़ करोड़ से ज्यादा बकाया
सरकारी विभागों पर डेढ़ करोड़ से ज्यादा बकाया
नरेश सिंह ठाकुर। दमोह
जिले के सरकारी विभागों पर बिजली कंपनी का डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा का बिल बकाया है बावजूद बिजली कंपनी के अफसरों ने इतनी बड़ी रकम की रिकवरी करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। वहीं दूसरी ओर छोटे बकायादारों पर बिजली कंपनी सख्ती से पेश आ रही है।
आंकड़ों के अनुसार जिले के शिक्षा विभाग पर आठ लाख और पुलिस विभाग पर लगभग सात लाख रुपए बकाया हैं। इसी प्रकार आदिमजाति कल्याण विभाग, वन विभाग, कृषि विभाग, राजस्व विभाग, रेलवे, पीडब्ल्युडी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, पीएचई, अन्य विभागों पर बकाया है। इसके अलावा ग्राम पंचायतों ने जल प्रदाय का ६९ लाख ३७ हजार रुपए व सड़क बत्ती का ७३ लाख ४ हजार रुपए बकाया जमा नहीं किया है। बिजली कंपनी द्वारा इन सरकारी विभागों से राशि वसूलने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। यही कारण है कि बिजली कंपनी को हर माह लाखों रुपए का नुकसान झेलना पड़ रहा है।
शिक्षा विभाग पर सबसे अधिक बकाया
बिजली कंपनी का सबसे अधिक शिक्षा विभाग पर बकाया है। शिक्षा विभाग से ७ लाख ९० हजार रुपए की वसूली कंपनी को करना है। जबकि पुलिस विभाग पर ६ लाख ८६ हजार और अन्य विभाग पर कंपनी का ढाई लाख से ज्यादा रुपए बकाया है।
सभी को नोटिस दे चुके हैं
॥कंपनी द्वारा सभी बकायादारों को नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के लिए निर्देशित किया गया है। यदि राशि जमा नहीं की जाती है, तो बकायादारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
- एमके जायसवाल, कार्यपालन यंत्री, बिजली कंपनी
किस विभाग पर
कितना बकाया
विभाग बकाया राशि
शिक्षा विभाग ७.९० लाख
पुलिस विभाग ६.८६ लाख
आदिमजाति कल्याण ४.२१ लाख
वन विभाग २.६२ लाख
कृषि विभाग २.०४ लाख
राजस्व विभाग १.३८ लाख
रेलवे १.१५ लाख
पीडब्ल्युडी ०.६७ हजार
स्वास्थ्य विभाग ०.४७ हजार
सिंचाई विभाग ०.३४ हजार
पीएचई ०.०२ हजार
ग्राम पंचायतें जल ६९.३७ लाख
ग्राम पंचायतें सड़कबत्ती ७३.०४ लाख
अन्य विभाग २.६४ लाख