शहर की सड़कों पर भोपाल की टीम रखेगी नजर
कार्यालय संवाददाता - बीना
तहसील सभाकक्ष में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में विधायक महेश राय ने शहर में बनाई जा रही सड़कों पर सवालिया निशान लगाया है। उन्होंने सीएमओ अशोक शुक्ला ने सवाल किया कि सड़कों में लगाया जाने वाला मटेरियल गुणवत्ताहीन है। आप व्यक्ति गत इन सड़कों की जांच कराएं। श्री राय ने झांसी गेट अंडरब्रिज पहुंच मार्ग की जर्जर हालत का जिक्र करते हुए कहा कि जितनी जल्दी हो सके उस पर लेयर चढ़ाई जाए। इसके अलावा उन्होंने लगभग छह करोड़ की लागत से बनने वाली मुख्य सड़क के बनने के दौरान मॉनीटरिंग करने की बात कही।
एसडीएम कर्मवीर शर्मा ने कहा कि सड़क की मॉनीटरिंग दो स्तर पर होगी। पहली- भोपाल की टीम लगातार निर्माण पर नजर रखेगी। दूसरी- एसडीएम स्तर पर भी मैं हर सप्ताह जांच करूंगा। दोनों टीमों की रिपोर्ट क्रॉस मैच होने के बाद ही भुगतान किया जाएगा। श्री राय ने यूआईडीएसएसएमटी योजना के तहत बिछाई जा रही पाइप लाइन के नीचे बेस बनाए जाने की बात कही। इस सवाल पर सीएमओ शुक्ला ने कहा कि जहां नीचे हार्ड रॉक होती है वहीं बेस बिछाने का प्रावधान है। यहां ऐसा कोई नियम नहीं है।
आरईएस एसडीओ जीडी विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अधूरी पड़ी सड़कों के बारे में बताया। श्री राय ने कहा कि सड़कों को शीघ्र बनाया जाए ताकि बरसात में जनता को परेशानी न हो। लोक निर्माण विभाग के सब-इंजीनियर अनिल शुक्ला ने विभागीय कार्यों की जानकारी दी। हींगटी रोड का निर्माण कार्य पूरा न होने पर उन्होंने कहा कि यह काम जॉब कार्डधारियों से कराया जाना है जिससे काम में परेशानी आ रही है। एसडीएम ने सड़क को सरेंडर करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यह सड़क जनपद पंचायत को हैंडओवर कर दी जाए ताकि मनरेगा के तहत जनपद यह कार्य कराए। विधायक श्री राय ने कंजिया-भानगढ़-खिमलासा सड़क की मरम्मत कराने को कहा।
पीएचई एसडीओ रमेश सैनी ने गर्मी के मौसम में नल बंद होने की बात कही। उन्होंने कहा कि बोर में १५० फीट से ज्यादा पाइप नहीं डाला जा सकता। एसडीएम ने समय से पहले काम कराने को कहा। उन्होंने पीएचई सब इंजीनियर पीके सोनी को जनपद पंचायत परिसर में ऑफिस खोलने को कहा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में जाने वाली सामग्री का वितरण बीना से ही होना चाहिए।