राजपथ पर करेंगे कदमताल
ञ्च३०० कैडेट्स की कमान होगी एमजीएम कॉलेज के मनीष के हाथों में
नगर संवाददाता - इटारसी
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में लालकिले पर ध्वज को सलामी देने के लिए चलने वाले पूरे भारत के 300 कैडेट्स की कमान एमजीएम कॉलेज के मनीष काले के हाथों में होगी। कदमताल करने के लिए पूरे भारत से लगातार तीन महीने तक चयन और प्रशिक्षण प्रक्रिया के बाद 150 छात्र और 150 छात्रा कैडेट्स का चयन किया गया है। राजपथ पर कदमताल करने वाले इन 300 कैडेट्स में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के 10 कैडेट्स चुने गए हैं। कंपनी कमांडर मेजर धीरेंद्र शुक्ल ने बताया कि राष्ट्रपति भवन से लाल किले तक 14 किलोमीटर के राजपथ पर ऑलइंडिया से चुने गए 300 कैडेट्स सैन्य अंदाज में ध्वज को सलामी देंगे।
राजपथ पर मनीष कदमताल को कमांड करेगा। राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड शिविर में 13 एमपी बटालियन के 6 कैडेट शामिल हुए हैं। जिनमें से एकमात्र एकमात्र मनीष का चयन राजपथ पर परेड को कमांड करने के लिए किया गया है। अन्य सभी कैडेट्स सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे। एमजीएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एलएल दुबे ने ऑलइंडिया परेड कमांड के लिए मनीष के चयन को गौरव की बात बताया है।
चमकेंगे मप्रछग के ये सितारे
छात्र- मनीष काले इटारसी, रॉबिन सिंह इंदौर, गौरव शर्मा जबलपुर, अश्विनी पटेल ग्वालियर, अंकित राजपूत सागर, दिनेश धुर्वे रायपुर
छात्राएं - पिंकी कुमारी रायपुर, एकता ठाकुर सागर, नम्रता त्रिवेदी सागर, दिव्या पटेल जबलपुर
शहर को गौरव दिलाया है
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में पूरे देश से चुने गए कैडेट्स जब राजपथ पर कदमताल करेंगे तब उनकी कमान कॉलेज की एनसीसी इकाई के कैडेट मनीष काले के हाथों में होगी। छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर शहर को गौरव दिलाया है।
मेजर धीरेंद्र शुक्ल, कंपनी कमांडर
गणतंत्र दिवस पर सैन्य अंदाज में देंगे राष्ट्र ध्वज को सलामी