- Hindi News
- रेलवे सुरक्षा बल के बोर्ड पर नजर नहीं आएगा ‘थाना’
रेलवे सुरक्षा बल के बोर्ड पर नजर नहीं आएगा ‘थाना’
नगर संवाददाता - इटारसी
रेलवे सुरक्षा बल ((आरपीएफ)) अपने कार्यालयों में ‘थाना’ नहीं लिखेगी। इस संबंध में आरपीएफ को मिले आदेश के बाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 स्थित रेलवे सुरक्षा बल कार्यालय के बाहर लगे बोर्ड से थाना शब्द को हटा दिया गया है। उल्लेखनीय है कि जीआरपी के एडिशनल डीजी मैथिलीशरण गुप्त ने इस सिलसिले में सीआरपीसी का हवाला देते हुए आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को रेलवे सुरक्षा बल कार्यालयों के बाहर लगे बोर्ड से थाना शब्द का इस्तेमाल नहीं करने की बात कही थी। जीआरपी थाने के डीएसपी विनोद श्रीवास्तव ने कहा कि आरपीएफ के बाहर थाना शब्द देखकर कई बार यात्री वारदात का शिकार होने के बाद रिपोर्ट दर्ज करवाने जाते हैं। जिन्हें जीआरपी थाने भेज दिया जाता है। ऐसे में यात्रियों को लगता है कि थाने में हमारी फरियाद नहीं सूनी जा रही और इसका यात्रियों पर गलत प्रभाव पड़ रहा था। मामले में आरपीएफ आईजी सुभाष चंद्र सिन्हा ने कहा कि आरपीएफ रेलवे का सुरक्षा बल है। नियमानुसार थाना नहीं लिखा जा सकता। आरपीएफ तो यात्रियों की सेवा के लिए है, आरपीएफ अपना काम करती रहेगी।