- Hindi News
- कार्डों के सत्यापन में नहीं हो रहा मिलान
कार्डों के सत्यापन में नहीं हो रहा मिलान
ञ्चराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत गैर बीपीएल परिवारों को भी दिया जाएगा राशन
नगर संवाददाता - इटारसी
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत गैर बीपीएल परिवारों को भी राशन दिया जाएगा। इसके लिए राशन कार्डों का सत्यापन और दावे आपत्तियां ली जा रही है। मंगलवार से शुरू हुए इस काम में नपा का राजस्व अमला और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। सत्यापन और दावे आपत्ति के काम में कर्मचारियों को पसीना छूट रहा है। समग्र अभियान के अंतर्गत बनाई गई शीट से कई राशनकार्डों का मिलान नहीं हो पा रहा है। राशन कार्डों की खाता संख्या किसी में है ही नहीं या फिर एक ही खाता संख्या व कार्ड संख्या के एक से अधिक राशन कार्ड प्रकाश में आ रहे हैं। शहर के सभी 34 वार्डों में करीब 32 हजार राशन कार्डधारी हैं। जिनके सत्यापन और दावे आपत्ति के काम में मशक्कत करनी पड़ रही है। कई जगह तो लोगों को इस बात की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है कि सत्यापन और दावे आपत्तियों के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत है।
लोग हो रहे परेशान
सत्यापन और दावे आपत्तियों के लिए शहर के सभी 34 वार्डों की आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर लगाया गया है। शिविर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। वार्ड नंबर 17 आसफाबाद में रहने वाले मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि समग्र अभियान के तहत किए गए सर्वे की शीट पर नाम गलत हो गया है। शीट पर मनीषा वर्मा दर्ज किया गया है। लाइन एरिया में कई लोगों के राशन कार्ड की संख्या नहीं होने से भी मिलान करने में परेशानी आ रही है। पार्षद यज्ञदत्त गौर ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राशन कार्डों के सत्यापन और दावे आपत्तियों के लिए समय सीमा बढ़ाई जाए। इसके अलावा श्रेणी के मुताबिक अलग-अलग दिनों में शिविर लगाकर समस्याओं का निपटारा किया जाए।
दुकानों में अधूरा आवंटन
समग्र अभियान के तहत पोर्टल पर अपडेट नहीं हो पाए राशन कार्डधारकों को भी कार्ड की फोटोकॉपी लेकर राशन दुकानदारों ने राशन बांट दिया। अब परेशानी इस बात की है कि घटा हुआ आवंटन राशन दुकानदारों को नहीं दिया जा रहा। ऐसे में कार्डधारी परिवार राशन दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर है। राशन दुकानों में इस बार सिर्फ उन्हीं राशनकार्ड धारकों का राशन भेजा गया था। जिनका नाम पोर्टल पर अपडेट हुआ था। ऐसे में कई राशन कार्ड धारकों के नाम का राशन दुकानों पर नहीं पहुंचने की वजह से परेशानी बढ़ गई थी। खाद्य विभाग ने बाद में लोगों की परेशानियों को देखते हुए राशन कार्ड की फोटोकॉपी लेकर उन परिवारों को राशन देने का आदेश जारी किया था, जिनके नाम पोर्टल में अपडेट नहीं हो पाए थे।
खाद्य विभाग में जमा दस्तावेज
पोर्टल पर राशन कार्ड अपडेट नहीं होने की वजह से शहर के सभी 34 राशन दुकानों पर पहले से मौजूद कार्डधारियों की सूची से कम आवंटन मिला है। शहर के कुछ वार्डों में तो 100 से 150 राशनकार्डों तक का आवंटन घटा दिया गया था। नए आदेश के मुताबिक राशन दुकानदारों ने कार्डधारकों की फोटोकॉपी लेकर राशन बांट दिया। जिसके बाद अब राशन के लिए दुकानदार लीड संस्था के चक्कर काट रहे हैं। एक राशन दुकान संचालक ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के राशन कार्ड लेकर राशन आवंटित किया गया था। वे सभी दस्तावेज सहित सूची बनाकर खाद्य विभाग को दे दी गई है। जिससे उम्मीद है कि जल्द ही शेष आवंटन मिल जाएगा। जिससे राशन उपभोक्ताओं को प्रदाय किया जा सकें।
इन दस्तावेजों को लेकर जाएं
: राशनकार्ड, परिचयपत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, गैस कनेक्शन बुक।
: आरक्षित वर्ग के अजा/अजजा के हितग्राही जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति।
दर्ज करा सकते है
॥शिविर के माध्यम से दावे आपत्तियां दर्ज की जा रही है। राशन कार्ड में नाम गलत हो गया है, किसी सदस्य का नाम छूट गया है या फिर नए सदस्यों का नाम जुड़वाना है। ऐसे मामलों में दावे आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती है।
स्वाति वाइकर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी।
इन्हें भी मिलेगा राशन
मप्र भवन तथा अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के पंजीकृत हितग्राही। अनाथ आश्रम, निराश्रित, विकलांग, छात्रावासों में निवासरत बच्चे। निशुल्क संचालित वृद्धाश्रमों में निवासरत वृद्धजन। शहरी क्षेत्रों में साइकिल रिक्शा चालक कल्याण योजना में पंजीकृत व्यक्ति। शहरी क्षेत्रों में हाथ ठेला चालक कल्याण योजना, पंजीकृत कामकाजी घरेलू महिलाएं, शहरी क्षेत्रों में पंजीकृत फेरीवाला, रेलवे में पंजीकृत कुली। मंडियों में अनुज्ञप्तिधारी हम्माल व तुलावटी, पंजीकृत केशशिल्पी, पंजीकृत बहुविकलांगों एवं मंदबुद्धि, एचआईवी संक्रमित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति परिवार।
दिक्कतें - पोर्टल पर राशन कार्ड अपडेट करने बनाई सर्वे शीट से हो रही परेशानी