- Hindi News
- भाजपा और कांग्रेस भूलीं, सीएमओ बोले मुझे याद नहीं जन्मदिवस
भाजपा और कांग्रेस भूलीं, सीएमओ बोले मुझे याद नहीं जन्मदिवस
नेताजी के जन्मदिवस पर एक भी नेता नहीं पहुंचा प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन चढ़ाने।
भास्कर संवाददाता - भिंड
आजाद हिन्द फौज का गठन करने वाले और देश की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाले नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की आज 117 वीं जयंती है, लेकिन उनकी जयंती मनाने और श्रृद्धा सुमन अर्पित करने को लेकर दोनों ही पार्टियों के नेता भूल गए। आलम यह है कि उनकी प्रतिमा की सुबह साफ-सफाई भी नहीं कराई गई। भाजपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों ने प्रतिमा की सफाई न होने का ठीकरा सीएमओ पर फोड़ा, और बोले कार्रवाई होनी चाहिए, उधर सीएमओ का कहना है कि मुझे नेताजी का जन्मदिन याद नहीं है।
देश को आजाद कराने वाले सुभाष चन्द्र बोस ने नारा दिया था कि तुम मुझे खून दो, मैं तुमहें आजादी दूंगा, देश आजाद हो गया, लेकिन इस महापुरुष को नेताओ के साथ-साथ अफसरों ने भी भुला दिया हैं। शहर में एक प्रतिमा सुभाष चौक पर लगी है, लेकिन इसकी सफाई छह-छह महीने तक नपा प्रशासन नहीं कराता है। आलम यह है कि नपा प्रशासन के साथ-साथ भाजपा और कांग्रेस के नेताओं को उनका जन्मदिवस तक याद नहीं है।
सीएमओ बोले आपने ध्यान दिला दिया मैं भूल गया : नगर पालिका सीएमओ आर एस छारी से जब प्रतिमा की सफाई और नेताजी के जन्मदिवस को लेकर बात की, तो उनका कहना था कि मैं भूल गया। उनका आज ही जन्म दिवस है। मैं नपा में किसी कर्मचारी से बोलकर उनकी प्रतिमा की सफाई करा देता हूं। आपने ध्यान दिला दिया बहुत अच्छा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले नपा की लापरवाही, मैं बीमार हूं : कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमेश दुबे से जब नेताजी के जन्मदिवस के बारे में पूछा, तो उनको भी जानकारी नही थी, लेकिन उनका कहना था कि वह बुखार पीडि़त है। नेताजी की प्रतिमा तक तो नहीं जा सकते है, लेकिन लापरवाही करने वाले सीएमओ फोन कर सफाई के बारे में बोलेंगे। उन पर कार्रवाई होनी चाहिए, क्यों कि वह महापुरुष के जन्मदिवस को भी भूल गए।
भाजपा जिलाध्यक्ष बोले नपा का दोष है, मैं तो मना रहुं जन्मदिवस : भाजपा जिलाध्यक्ष रविसेन जैन का कहना है कि भाजपा के सभी मंडलो में नेताजी का जन्म दिवस मनाया जा रहा है, लेकिन प्रतिमा की सफाई नहीं हुई है, यह गलत बात है। सीएमओ को फोन कराके प्रतिमा की सफाई करता हूं। वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराऊंगा।
अटल और सोनिया के जन्मदिवस पर बधाई, महापुरुषों से नहीं मतलब :अटेर रोड निवासी अनुपम भारद्वाज का कहना है कि भाजपा और कांग्रेस के नेता वोट की राजनीति करते है। उन्हें माहपुरुषों से कोई मतलब नही है। सीएमओ को तत्काल निलंबित करना चाहिए। अगर सोनिया और अटल का जन्मदिवस होता है, तो नेता उनके बंगलों के बाहर खड़े रहते है, लेकिन महापुरुषों की प्रतिमा पर दो फूल चड़ाने कोई नही जाता।