अधेड़ को कुल्हाड़ी से काटा
भास्कर संवाददाता - भिंड
गौंड़ा की जमीन को लेकर तीन दिन पहले हुए विवाद के बाद २५ जनवरी की शाम एक युवक ने अधेड़ व्यक्ति को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या की यह वारदात सुरपुरा थाना क्षेत्र के भदौरिया का पुरा गांव में अंजाम दी गई है। पुलिस ने हत्या करने वाले के खिलाफ मामला दर्जकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भदौरियाकापुरा गांव निवासी अभिमन्यु ((४०)) पुत्र अमर सिंह भदौरिया २५ जनवरी की शाम गौंड़ा ((पशु बांधने का स्थान)) में अपने पशुओं को चारा देने गए थे। यहां उनकी आठ वर्षीय भानजी माधुरी खेल रही थी। बताते हैं कि इसी दौरान रमाशंकर पुत्र ऊदल सिंह भदौरिया कुल्हाड़ी लेकर आया। उसने पीछे से अभिमन्यु के सिर में दो वार किए। इससे वह मौके पर ही गिरकर ढेर हो गए और रमाशंकर भाग गया। घटना के बाद रात करीब नौ बजे पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सुरपुरा थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर मय बल के मौके पर पहुंचे और अगले दिन शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी श्री ठाकुर का कहना है कि यह हत्या गौंड़ा की जमीन को लेकर की गई है। तीन दिन पहले अभिमन्यु और रमाशंकर में विवाद भी हुआ था।