- Hindi News
- ‘सिपाही बार बार फोन करके कहता है, मेरे कमरे पर आओ’
‘सिपाही बार-बार फोन करके कहता है, मेरे कमरे पर आओ’
भिंड. साहब, गोरमी थाने का सिपाही सतीश दंडौतिया बार-बार मुझे फोन करके अपने कमरे ((किराए का मकान)) पर बुलाता है। मैं मना करती हूं, तो वह मुझे धमकी दे रहा है। गोरमी पुलिस भी मेरी शिकायत नहीं सुन रही। इसलिए मामले में कार्रवाई की जाए। यह शिकायत सोमवार को गोरमी के माताप्रसाद का पुरा गांव की एक महिला ने एएसपी धर्मवीर सिंह यादव से की है।
एएसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। महिला ने आवेदन में बताया कि १६ जनवरी को सिपाही सतीश दंडौतिया मेरे घर आया और उसने जबरन कोरे कागज पर साइन करा लिए। मैंने कारण पूछा, तो कहने लगा मुझसे जुबान लड़ाती हो। इसके बाद जाते वक्त सिपाही मेरा मोबाइल नंबर ले गया और एक कागज में अपना पता लिखकर दे गया। कहा कि कमरे पर आना। मैं नहीं गई, तो अब वह बार-बार मुझे फोन करके अपने पास बुला रहा है। साथ ही, कहता है कि तुम आ जाओ, मैं गाड़ी से वापस छुड़वा दूंगा। इस मामले की शिकायत करने थाने पहुंची, तो वहां सभी ने मजाक उड़ाया और कोई सुनवाई नहीं की।