लॉटरी का झांसा देकर ठगे दो लाख
पुलिस अधिकारियों की सलाह- इस तरह से झांसे में न आएं लोग।
भिंड. शहर के रेखा नगर में रहने वाली एक महिला के मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने लाखों रुपए की लॉटरी का झांसा देकर महिला से दो लाख एक हजार रुपए की ठगी कर ली। सोमवार को इस मामले की शिकायत एएसपी धर्मवीर सिंह यादव से की गई।
रेखा नगर थाना देहात निवासी महिला रानी पत्नी बृजेंद्र सिंह राजावत ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसके नंबर पर एक फोन आया। फोनकर्ता ने कहा कि मैडम आपकी लाखों रुपए की लॉटरी लगी है। इसलिए आप अपना नाम और पता बताएं। दो-तीन दिन तक लगातार फोन पर इसी तरह से कहा गया। बाद में कहा गया कि लॉटरी की रकम आपको दे तो देंगे, लेकिन इसके बदले टैक्स के रूप में हमारे बैंक अकाउंट में आपको २ लाख एक हजार रुपए डालना होंगे। महिला इन ठगों के झांसे में आ गई और उसने बैंक अकाउंट में यह रकम डाल दी। इसके बाद पीडि़ता ने जब लॉटरी की रकम देने को कहा, तो फोन करने वाला व्यक्ति मुकर गया।
इस संबंध में एएसपी भिंड धर्मवीर सिंह यादव का कहना है कि रेखा नगर की महिला ने जो मोबाइल नंबर बताए हैं, वह पाकिस्तान के हैं। सायबर सेल की मदद से इनको ट्रेस करा रहे हैं। लोगों को भी अनजान फोन कॉल से सावधान रहना चाहिए।