- Hindi News
- ‘सर गलती हो गई, आज छोड़ दो, आगे से ऐसा नहीं होगा’
‘सर गलती हो गई, आज छोड़ दो, आगे से ऐसा नहीं होगा’
गौरी रोड पर तीन घंटे तक पुलिस ने की वाहनों की चेकिंग।
भास्कर संवाददाता - भिंड
सर, गलती हो गई। हमें आज छोड़ दो। आगे से बाइक पर तीन बैठकर नहीं चलेंगे। आप चाहो, तो ये लो मोबाइल मेरे अंकल से भी बात कर लो। गौरी रोड पर चल रही पुलिस चेकिंग के दौरान छूटने के लिए लोग कुछ इसी अंदाज में एएसआई केके मिश्रा से गुहार लगाते नजर आए।
वाहन चोरी की बढ़ती वारदात पर अंकुश लगाने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने मंगलवार दोपहर शहर की गौरी रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग अधिकारी एएसआई केके मिश्रा थे। यहां से गुजरने वाले हर दोपहिया वाहन सवारों को पुलिस रोक रही थी। वाहन चेकिंग शाम करीब चार बजे तक चली। इस बीच लगभग एक दर्जन लोगों के चालान बनाए गए। यह सभी ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर गाड़ी चला रहे थे। किसी के पास गाड़ी के कागजात नहीं थे, तो कोई हेलमेट नहीं लगाए हुए था। इसके अलावा लोग तीन बैठकर भी गुजर रहे थे। इस संबंध में सिटी कोतवाली टीआई दामोदर गुप्ता का कहना है कि गौरी रोड पर वाहनों की चेकिंग कराई गई थी। इस दौरान जो लोग भी नियम तोड़ते नजर आए, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।
चेकिंग में भाजपा नेता का सिफारिशी फोन : चेकिंग के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बाइक पर बैठे तीन युवकों को रोका। इनके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस जब चालान बनाने लगी, तभी एक युवक ने एएसआई केके मिश्रा को मोबाइल देते हुए कहा कि मेरे अंकल जी से बात कर लो। एएसआई श्री मिश्रा ने पूछा कि अंकल कौन हैं, तो उसने बताया कि भाजपा नेता देवेंद्र जैन दाढ़ी हैं। इसके बाद एएसआई ने कहा कि मैं किसी को नहीं जानता, तुमने नियम तोड़ा है, तो कार्रवाई करनी ही पड़ेगी।
गौरी सरोवर पर वाहनों की चेकिंग करते पुलिसकर्मी।