- Hindi News
- सात पीडीएस दुकान संचालकों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश
सात पीडीएस दुकान संचालकों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश
गोहद एसडीएम ने अनियमितताओं को लेकर अमानत राशि की थी राजसात।
भास्कर संवाददाता - भिंड
राशन वितरण नहीं होने को लेकर कलेक्टर ने एसडीएम की कार्रवाई के बाद सात पीडीएस दुकान संचालकों के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं। पीडीएस की दुकान गोहद कस्बे की हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर पिछले सप्ताह एसडीएम आरसी मिश्रा द्वारा पीडीएस की दुकानों की अमानत राशि ५०० रुपए प्रति दुकान के हिसाब से राजसात कर ली थी।
सोमवार की देर शाम को कलेक्टोरेट में हुई बैठक में एसडीएम आरसी मिश्रा ने पीडीएस की दुकानों पर की गई कार्रवाई से अवगत कराया, जिसे लेकर कलेक्टर एम सिबि चक्रवर्ती ने एसडीएम श्री मिश्रा को दुकान संचालकों द्वारा हितग्राहियों के साथ किए गए धोखे को लेकर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार नंबर महीने में ग्रामीणों ने गोहद एसडीएम आरसी मिश्रा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई कि खितौली, भगवासा, पिपाहड़ी, लोधे की पाली, सर्वा, तुकैड़ा, चटनपुर पीडीएस की दुकान से राशन नहीं बांटा जा रहा है। राशन ब्लैक किया जा रहा है। एसडीएम ने दुकानों को जारी किए गए आवंटन और वितरण की गई सामग्री की जानकारी ली तो सामने आया कि ग्रामीणों ने सही शिकायत की है। पीडीएस की दुकानों से गेहूं, शक्कर, केरोसिन और चावल का वितरण महीनों से नहीं किया जा रहा है। एसडीएम ने १० जनवरी को सातों दुकानों की अमानत राजसात कर ली। सोमवार को जब एसडीएम ने इस बात की रिपोर्ट कलेक्टर एम सिबि चक्रवर्ती से की तो कलेक्टर ने गोहद कस्बे की खितौली, भगवासा, पिपाहड़ी, लोधे की पाली, सर्वा, तुकैड़ा, चटनपुर सातों पीडीएस दुकान संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
दुकान पर लगी उपभोक्ताओं की भीड़। ((फाइल फोटो))