चोरी गई कार बीहड़ से बरामद
भिंड - शहर के नबादा बाग से चोरी गई एक लग्जरी कार को मंगलवार दोपहर सिटी कोतवाली पुलिस ने गोरमी थाना क्षेत्र के गुलियापुरा गांव के बीहड़ से बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार चंदरपुरा थाना जैतपुर जिला आगरा निवासी सतीश दुबे पुत्र नरेंद्र भिंड नबादा बाग में अपने रिश्तेदार के घर आए थे। तीन जनवरी को अज्ञात चोर उनकी कार चोरी कर ले गए। इसकी शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज की गई। कार की तलाश में कोतवाली के एएसआई विजय सिंह सिसौदिया अपनी टीम के साथ जुट गए। उन्हें मुखबिर से सुराग लगा कि गुलियापुरा के बीहड़ में एक कार लावारिस हालत में कुछ दिन से खड़ी है, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी को भिंड लेकर आई।