- Hindi News
- साहब! सर्वे में तो सिर्फ अमीरों के राशन कार्ड बनते हैं
साहब! सर्वे में तो सिर्फ अमीरों के राशन कार्ड बनते हैं
भिंड - जिला महिला कांग्रेस के नेतृत्व में आधा सैकड़ा से अधिक महिलाओं ने एसडीएम से बीपीएल सूची में नाम जोडऩे की मांग की। महिलाओं ने एसडीएम के समक्ष आग्रह किया कि बीपीएल सूची के सर्वे के दौरान पटवारी सिर्फ उन्हीं लोगों के नाम जोड़ते हैं जो अमीर हैं और एक हजार रुपए पटवारी को रिश्वत देते हैं। गरीब लोगों के आवेदन तो अमीर बताकर खारिज कर दिए जाते हैं। महिलाओं की बात सुन एसडीएम नरोत्तम भार्गव ने पुन: आवेदन देने की बात करते हुए निष्पक्ष तरीके से एक टीम के जरिए सर्वे कराने की बात कही। एसडीएम की बात पर महिलाएं फिर से आवेदन देने के लिए राजी हो गईं। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सरोज जोशी, जिला कांग्रेस कमेटी में महामंत्री रेखा भदौरिया, ममता मिश्रा आदि ने संयुक्त रूप से बताया कि एसडीएम श्री भार्गव को ज्ञापन देने से पहले कलेक्टोरेट गेट पर धरना देकर भाजपा नेताओं के संरक्षण में हुए व्यापमं घोटाले की जांच कराने की मांग भी की गई है। कांग्रेस नेत्रियों ने बताया कि महिलाओं ने एसडीएम से समक्ष बिजली कंपनी से गलत बिल जारी होने की समस्या के निराकरण को लेकर भी मांग की है।