देहात थाने से वायरलेस सेट गायब!
भिंड - देहात थाने से करीब १५ दिन पहले गायब हुए एक वायरलेस सेट का सुराग नहीं लग पा रहा है। थाने के कर्मचारियों में इसको लेकर काफी खींचतान चल रही है। सूत्रों ने बताया कि १६ जनवरी को जब वायरलेस सेट की गिनती की गई, तो इनमें एक कम निकला, जिसके बाद रात्रि गश्त पर गए सभी पुलिसकर्मियों से इसके बारे में पूछा गया, लेकिन सभी ने बताया कि वे अपना सेट जमा कर गए थे। ऐसे में अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि पुलिस की वायरलेस भला कहां गई? इधर थाने के अधिकारी मामले को दबाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। टीआई सीबीएस रघुवंशी का कहना है कि मेरे यहां से कोई सेट गुम नहीं हुआ। कुछ दिन पहले मेरी ही वायरलेस जरूर सीएसपी साहब के चैंबर में रह गई थी, जो बाद में मिल गई।