धूप के बाद बढ़ी ठंड, छाया कोहारा
मौसम ने एक बार फिर ली करवट, गुरुवार को देर सुबह तक छाया रहा कोहरा।
भास्कर संवाददाता - भिंड
मौसम में एक बार फिर परिवर्तन हुआ है। दो दिन की चटक धूप के बाद गुरुवार को सर्दी बढ़ गई। रात से ही कोहरा छाया रहा। इसके अलावा पूरे दिन ठंडी हवाएं चलीं। इस कारण लोगों को सर्दी का आभास होता रहा।
मालूम हो, कि कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद सर्दी बढ़ गई थी, लेकिन पिछले दो दिन से धूप निकली और आसमान साफ रहा। इससे लोगों ने राहत महसूस की, मगर गुरुवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बुध-गुरुवार रात से ही घना कोहरा छा गया, जो कि दोपहर के समय कम हुआ। कोहरे के कारण सबसे अधिक परेशानी गाड़ी ड्राइवरों को हुई। स्थिति ये थी कि पूरी रात वाहन धीमे-धीमे रेंगते रहे। गुरुवार सुबह तो लोगों को कोहरे के कारण गाडिय़ों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। इसके अलावा सुबह-सुबह छोटे बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी हुई।
नंबर एक स्कूल के पास कोहरे मेें निकलते लोग।
जगह-जगह अलाव जलाकर हाथ सेंकते नजर आए लोग
बुध-गुरुवार रात से ही घना कोहरा और सर्दी हो गई थी। इधर २९ जनवरी को शादियां होने की वजह से सड़कों पर ट्रैफिक था। ऐसे में कई स्थान पर सर्दी से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाकर हाथ सेंकते नजर आए।
जिले का अधिकतम तापमान बुधवार को २५ डिसे व न्यूनतम १७ डिसे दर्ज किया गया था, जबकि गुरुवार को न्यूनतम पारा में ७ डिग्री तक गिरावट हुई है। गुरुवार का अधिकतम तापमान २४ व न्यूनतम १० डिसे रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को भी बादल छाए रहने की उम्मीद है।
एक ही दिन में सात डिग्री लुढ़का न्यूनतम पारा