जबलपुर पुलिस ने कई स्थानों पर दी दबिश
लूट का माल खरीदने वालों की तलाश जारी।
भास्कर संवाददाता - शिवपुरी
जबलपुर की गोरखपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को शहर में न केवल डेरा डाल दिया, बल्कि कुछ संदिग्ध आरोपियों की तलाश भी चिन्हित ठिकानों पर की। टायरों से भरे ट्रक को लूटने व माल खपाने के फेर में शिवपुरी के कुछ कारोबारी व ट्रक ऑपरेटर शामिल हैं। देर शाम तक मारे गए छापों में पुलिस को फिलहाल कोई सफलता नहीं मिली है।
गोरखपुर थाने के एसआई अंतिम पवार, एएसआई आरसी शुक्ला के नेतृत्व में एक टीम शिवपुरी पहुंची। जबलपुर पुलिस शहर के उन ठिकानों व आरोपियों के नाम लिखकर लाई है, जो लूटकांड के मामले में संलिप्त हैं। पुलिस टीम सुबह सावरकर पार्क के सामने यूरो टाइल्स की दुकान पर पहुंची। यहां कुछ देखने के बाद यह टीम एबी रोड पर रामसहाय ट्रांसपोर्ट के सामने स्थित एक खटीक की दुकान पर किसी संदिग्ध व्यक्ति की तलाश करती रही। तत्पश्चात शिवमंदिर टॉकीज के पास किसी धाकड़ समाज के व्यक्ति को भी तलाशने पुलिस टीम पहुंची। बताते हैं कि हाजी सन्नू मार्केट में किसी महेश नाम के व्यक्ति की भी जबलपुर पुलिस को तलाश है।
सहमा व्यापारी वर्ग: जबलपुर पुलिस की कार्रवाई भले ही गुपचुप तरीके से चल रही है, लेकिन व्यापारी वर्ग में चर्चा सरगर्म है। सस्ते रेट में टायर खरीद कर मामले में संलिप्त हुए ट्रक ऑपरेटर व दुकानदारों की हवाइयां तो उड़ी हुई हैं, वहीं अन्य टायर विक्रेताओं में भी कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
छह-सात लोगों की है तलाश
॥ शिवपुरी के 6-7 लोग इस मामले में शामिल हैं, जिनकी तलाश में हम यहां आए हैं। उनके नाम व ठिकाने हमने गुप्त रखे हैं, क्योंकि वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके नाम खुलासा न करने के निर्देश दिए हैं। हमारी तलाशी कार्रवाई जारी है।ञ्जञ्ज
अंतिम पवार, जांच टीम प्रभारी,जबलपुर पुलिस