पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लुटेरे दबोचे, ट्रैक्टर बरामद

लुटेरे दबोचे, ट्रैक्टर बरामद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता. शिवपुरी
मायापुर थाना क्षेत्र से 2 जनवरी की रात लूटा गया ट्रैक्टर पुलिस ने बरामद कर चारों लुटेरों को भी गिरफ्तार कर लिया। यह वारदात को मदद मांगने के बाद अंजाम दी गई थी।
जानकारी के अनुसार ग्राम गुरजा निवासी कल्याण पुत्र बालकिशन आदिवासी, 2 जनवरी की रात अपने खेत की टपरिया पर परिवार सहित सो रहा था। रात 10.30 बजे दो बदमाश आए और बोले कि हमारे कुछ साथी घायल हो गए हैं, उन्हें लेकर आना है, तुम ट्रैक्टर लेकर हिनोतिया तक चलो। कल्याण ने डीजल न होने की बात कही तो एक बदमाश ने कहा कि हम 1 हजार रुपए डीजल के लिए दे देंगे। कल्याण जब मदद के लिए अपना नया ट्रैक्टर एमपी33-एए 3407 लेकर चल दिया तो रास्ते में दो बदमाश भी उस पर सवार हो गए। हिनोतिया मंदिर के पास कल्याण को नीचे उतारकर बदमाश ट्रैक्टर ले गए।
साइबर सेल की मदद से दबोचे लुटेरे : मायापुर एसओ हुकुम सिंह मीणा ने बताया कि एसपी एमएस सिकरवार ने साइबर सेल में मोबाइल लोकेशन की मदद से लुटेरे चिन्हित कराए। लुटेरों में शिवशंकर शर्मा निवासी डगपीपरी, शमशाद पुत्र इरशाद मुसलमान रन्नौद, लाखन सिंह गुर्जर नेगमा व राजाराम गड़रिया गुरजा को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो शिवशंकर के खेत से ट्रैक्टर बरामद हो गया।
अशोकनगर व शाढ़ोरा में नहीं बेच पाए: लूट के बाद ट्रैक्टर को शिवशंकर व शमशाद रात में ही लेकर अशोकनगर पहुंचे। वहां दो दिन तक कोई खरीदार नहीं मिला तो उसे लेकर शाढ़ोरा के पास नाले में छुपाकर चार दिन तक रखा। बाद में शिवशंकर ने उसे अपने खेत पर छुपा लिया, जहां से पुलिस ने बरामद किया।