- Hindi News
- पैरा मिलिटरी फोर्स को रास आ रही है शिवपुरी की भौगोलिक स्थिति
पैरा मिलिटरी फोर्स को रास आ रही है शिवपुरी की भौगोलिक स्थिति
भास्कर संवाददाता - शिवपुरी
जांबाज बनाने को दिए जाने वाले प्रशिक्षणों के लिए शिवपुरी की बनावट व आबोहवा भारत सरकार की पहली पसंद है। यहां मौजूद महत्वपूर्ण विभागों के ट्रेनिंग सेंटरों ने शिवपुरी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दी है। आईटीबीपी, सीआरपीएफ, आईबी प्रशिक्षण केंद्रों की मौजूदगी से शहर व कस्बे सुरक्षित हैं। ये ट्रेनिंग सेंटर शिवपुरी की अर्थव्यवस्था के लिए भी मददगार साबित हो रहे हैं। क्योंकि हजारों की संख्या में प्रशिक्षणार्थी खरीदारी शहर के बाजार में ही करने आते हैं।
शिवपुरी में मौजूद विभिन्न ट्रेनिंग सेंटरों में आने वाले प्रशिक्षणार्थी देश के हर कोने से यहां आते हैं। देश के पूर्व, पश्चिम, उत्तर व दक्षिण क्षेत्र से आने वाले युवक यहां ट्रेनिंग सेंटरों में एक साथ रहते हैं और शहर के बाजार में खरीदारी करने आते हैं। कई बार बाजार के दुकानदार उन युवकों की भाषा न समझ पाने की वजह से परेशान नजर आते हैं।
शहर की अर्थव्यवस्था में ऐसे मददगार : ट्रेनिंग सेंटरों की कैंटीन में खर्च होने वाली खाद्य सामग्री बड़ी मात्रा में शहर के बाजार से ही खरीदी जाती है। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थी भी समय-समय पर छुट्टी में खरीदारी, मोबाइल रीचार्ज, आदि कराने शहर में ही आते हैं। जिससे शहर की अर्थव्यवस्था में ये प्रशिक्षणार्थी मददगार हैं।