15 मिनट में 55 मुद्दे पास
भास्कर संवाददाता - शिवपुरी
नगरपालिका में सोमवार को साधारण सभा की बैठक में महज 15 मिनट के अंदर ही 55 मुद्दों को पास कर दिया गया। खास बात यह है कि कुल 35 मिनट तक चली बैठक में 20 मिनट तक जमकर हंगामा हुआ। इसमें कुछ पार्षदों ने माइक तोड़ दिया। कांग्रेसी पार्षदों ने परिषद का बहिष्कार कर दिया। इसी बीच सभी विषयों पर भाजपा पार्षदों ने 55 मुद्दों पर सहमति की मुहर लगा कर बैठक खत्म कर दी।
कोरम को लेकर उलझा पेंच: परिषद की बैठक का बहिष्कार न केवल कांग्रेसी पार्षदों ने बल्कि भाजपा के डिंपल जैन व राजू गुर्जर भी आपत्ति लगाकर बाहर आ गए थे। सहमति के लिए बमुश्किल 10 पार्षद भी अंदर नहीं बचे थे। बाद में एचओ अशोक शर्मा ने कहा कि कोरम 13 पार्षदों में पूरा होना था, लेकिन 15 पार्षदों के हस्ताक्षर हैं।