पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एसपी बंगले से सात कदम दूरी पर भी लोग सुरक्षित नहीं

एसपी बंगले से सात कदम दूरी पर भी लोग सुरक्षित नहीं

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एफआईआर तक सिमटी पुलिस की कार्रवाई, चोरी की वारदात जारी।
भास्कर संवाददाता - शिवपुरी
पुलिस अधीक्षक निवास से महज कुछ दूरी पर रहने वाले परिवार चोरों के डर से रात भर जागने को मजबूर हैं। चार दिन के अंदर यहां चार मकानों के ताले टूट गए। स्थिति यह है कि रात के अंधेरे में हल्की सी आवाज पर घर के लोग उठ जाते हैं। खास बात यह है कि चोरी के मामलों में पुलिस की कार्रवाई रिपोर्ट दर्ज करने तक की सिमट कर रह जाती है। एसपी निवास के पास ही चोर वारदात करने से नहीं चूक रहे हैं तो फिर शहर के अन्य हिस्से में लोग कितना सुरक्षित हैं इसे समझ सकते हैं।
भृत्य की साइकिल-टीवी भी ले गए चोर : एसपी निवास की बाउंड्री से महज 7 कदम दूर पाटौर में रहने वाले आदिम जाति कल्याण विभाग कार्यालय में पदस्थ भृत्य मांगीलाल आदिवासी के घर चोरों ने 24 जनवरी की रात ताला तोड़कर साइकिल, टीवी, डीवीडी, टीवी स्टेबलाइजर, मोबाइल चार्जर सहित 2 हजार रुपए चोरी कर लिए। अब भृत्य नौकरी पर भी पैदल जा रहा है।
पटवारी का कोट, पीएचई कर्मी की साइकिल चोरी : एसपी निवास के पास ही कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रह रहे पटवारी कल्याण ओझा के घर 26 जनवरी की रात को ताला तोड़कर चोर कोट व उसमें रखे पांच सौ रुपए ले गए। पटवारी के कमरे में कागजात अधिक मिले, जो चोरों के काम के नहीं थे। इसी मकान के पास पीएचई में नल खोलने वाले कर्मचारी हजारीलाल सेन की साइकिल भी चोर उठा ले गए। अब ये कर्मचारी भी पैदल ही नल खोलने जा रहा है।
सूने घर व नवनिर्मित मकान के भी तोड़े ताले: पास में ही ट्रेजरी में पदस्थ बाबू जसराम कुशवाह के नवनिर्मित मकान के भी ताले तोड़कर चोरों ने तलाशी ली। चूंकि कुशवाह का सामान अभी नए मकान में नहीं आया है, इसलिए कोई बड़ा सामान चोरी नहीं गया। इसी कॉलोनी में एसके जादौन के सूने मकान के ताले भी चोरों ने तोड़ दिए।
दुकानदार ने पकड़ा चोर: कॉलोनी के पास ही पोहरी रोड पर स्थित बबलू शिवहरे की दुकान से 27 जनवरी को गल्ले की राशि व मोबाइल चोरी हो गया। दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा होने से रिकॉर्डिंग में चोरी करने वाले लड़के का चेहरा पहचानने के बाद दुकान संचालक व स्थानीय रहवासी अनिल शर्मा ने चोर की तलाश कर उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन यह चोर रात वाला न होकर दिनदहाड़े हाथ साफ करने वाला है।




शिवपुरी - एसपी बंगले के पास स्थित मांगीलाल का वह घर जहां हुई चोरी की घटना।

आसपास का ही होगा शामिल

॥चोरी में कोई बड़ा सामान नहीं गया है। चंद दिनों में ही इतने ताले टूटे हैं तो चोर कोई आसपास का ही होगा। हम जल्द ही ऐसे चोरों की तलाश करके सुरक्षा का माहौल बनाएंगे। चोरों के भागने के ठिकाने भी मौके पर जाकर देखेंगे।ञ्जञ्ज

एसकेएस तोमर,एसडीओपी शिवपुरी

डर की वजह से रात भर जागते हैं

॥जबसे कॉलोनी में चोरी होना शुरू हुईं हैं, रात की नींद उड़ गई। रात में कोई भी आहट होती है तो नींद खुल जाती है। न जाने कब चोर पकड़े जाएंगे, अब तो रात होते ही कॉलोनी में डर लगने लगता है।ञ्जञ्ज

गायत्री

संकट - चार घरों के ताले टूटने से रात में हल्की आवाज पर ही खुल जाती है नींद