- Hindi News
- डे केयर सेंटर में वृद्धों को मिलेंगे मनोरंजन के साधन
डे-केयर सेंटर में वृद्धों को मिलेंगे मनोरंजन के साधन
पुस्तकालय,शतरंज, कैरम की भी व्यवस्था।
भास्कर संवाददाता - शिवपुरी
अब वृद्धजन को समय पास करने में किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। इसके लिए अब सामाजिक विभाग ने निशक्तों के लिए काम करने वाली संस्था मंगलम के साथ मिलकर वृद्धों के लिए एक डे-केयर सेंटर की शुरुआत की है। 26 जनवरी पर कलेक्टर आरके जैन व एसपी एमएस सिकरवार ने इस डे-केयर सेंटर का शुभारंभ किया। इस मौके पर कलेक्टर आरके जैन ने कहा कि मंगलम संस्था का नाम पूरे प्रदेश में निशक्तों के लिए उपकरण बनाने में तो है ही अब वह वृद्धों के लिए भी काम करें तो इस संस्था के जो सामाजिक दायित्व है वह पूरे हो सकेंगे।
कलेक्टर ने कहा कि इस डे-केयर सेंटर में वृद्ध अब समय गुजारने के साथ-साथ यह भी देखे कि कही किसी वृद्ध की कोई समस्या हो तो उसका निराकरण मिलजुलकर करें। इसके लिए पेंशन एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी उन्होंने अपील करते हुए कहा कि उनके जो कार्य अनुभव है उनसे वह यहां आने वाले वृद्धों की किस प्रकार मदद कर सकते हैं। इस दौरान मंगलम संस्था के सचिव राजेंद्र मजेजी अशोक कोचेटा, अजय खेमरिया आदि मौजूद थे।