पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ‘साहब, हमारे गांव में खुलवा दो स्कूल’

‘साहब, हमारे गांव में खुलवा दो स्कूल’

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जनसुनवाई में आईं कई गंभीर शिकायतें।
भास्कर संवाददाता - शिवपुरी
साहब, हमारे गांव सूढ़ में 1100 की आबादी है और 250 से अधिक बच्चे हैं। गांव में एक भी स्कूल न होने से बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे। गांव में आप स्कूल खुलवा दो। यह गुहार मंगलवार को जनसुनवाई में ग्राम सूढ़ के आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट में गुहार लगाई। इसके अलावा जनसुनवाई में कई और गंभीर शिकायतें भी आईं।
शिवपुरी तहसील के ग्राम सूढ़ में रहने वाले कल्याण, हरीशंकर, कैलाश सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कोई भी प्राथमिक व माध्यमिक स्कूल नहीं है। एकमात्र अनुदान प्राप्त शाला है, जिसमें एक ही शिक्षक पदस्थ है, जो इतने अधिक बच्चों के लिए पर्याप्त नहीं। बच्चे पढ़ाई न कर पाने की वजह से घर बैठने को मजबूर हैं। हमारे गांव में सरकारी स्कूल खुलवाया जाए, ताकि हमारे बच्चे पढ़ सकें।
नहीं मिल रहा कंट्रोल की दुकान पर राशन: नरवर ब्लॉक की ग्राम पंचायत भीमपुर, गोपलिया, नानकपुर के आदिवासियों ने एकता परिषद के बैनर तले राशन न मिलने की शिकायत की। शासन का आदेश था कि 7 जनवरी को राशन मिलना था, लेकिन 28 जनवरी तक खाद्यान्न नहीं मिला। भीमपुर में 219, गोपलिया में 80, नानकपुर में 60 राशनकार्ड अंत्योदय के हैं, जिन्हें अनाज नहीं मिला। साथ ही जिन परिवारों के नए कार्ड बनाए गए हैं, उन्हें भी अनाज नहीं मिला। आदिवासियों ने मांग की है कि हमें अनाज दिलाया जाए।
गांव का रास्ता खुलवाया जाए : गोपालपुर थाना अंतर्गत ग्राम बरखेड़ा के ग्रामीणों ने शिकायत की है कि भूमि सर्वे नंबर 309 शासकीय व आम रास्ता है। गांव से सड़क तक आने का यही एकमात्र मार्ग है जो 2 बीघा के लगभग है। इस रास्ते को बंदकर सीताराम धाकड़, शिवनारायण धाकड़, राकेश धाकड़ पुत्रगण रामजीलाल धाकड़ ने जोत दिया। जिससे इंसानों व मवेशियों के जाने का रास्ता बंद हो गया। जब हम ग्रामीण रास्ता खोलने के लिए कहते हैं तो वे धमकी देते हैं।



जनसुनवाई में गांव में स्कूल खोलने की मांग रखने सूढ़ गांव से आए ग्रामीण।