- Hindi News
- अपडेट खबर....कलेक्टर को निरीक्षण में मिली खामियां, चार पर कार्रवाई
अपडेट खबर....कलेक्टर को निरीक्षण में मिली खामियां, चार पर कार्रवाई
तीन दिन का वेतन राजसात, चार पर कार्रवाई।
भास्कर संवाददाता - शिवपुरी
कलेक्टर ने बुधवार को पिछोर व करैरा के ग्रामीण क्षेत्रों को दौरा कर यहां चलाई जा रही विकास योजनाओं की स्थिति को जाना। इस दौरान कलेक्टर ने कुछ स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर चार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
कलेक्टर आरके जैन ने बुधवार को ग्रामीण क्षेत्रों में आकस्मिक भ्रमण के दौरान उप स्वास्थ्य केन्द्र सिरसौद के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए चिकित्सक को निर्देश दिए कि यहां सफाई कराई जाए। श्री जैन ने उपस्वास्थ्य केन्द्र पर पदस्थ एएनएम के नियमित रूप से उपस्थित न होने की शिकायत पर उसे हटाने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। इसके बाद उन्होंने हायर सेकंडरी स्कूल सिरसौद का भी निरीक्षण किया, विद्यालय में अनुपस्थित शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके उपरांत कलेक्टर ने 11वीं कक्षा के बच्चों से शिक्षिका सविता जैन द्वारा पढ़ाए जा रहे अर्थशास्त्र और सांख्यिकी विषय से संबंधित विषय में कुछ प्रश्न पूछे, जिनमें से किसी का भी जवाब न तो बच्चे और ना ही शिक्षिका स्वयं दे सकी। इस पर कलेक्टर द्वारा नाराजगी व्यक्त कर सविता जैन का तीन दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश प्राचार्य श्री एमपीएस यादव को दिए। उन्होंने प्राचार्य एमपीएस यादव के पास दो विद्यालयों का प्रभार होने पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने डीईओ को तत्काल प्राचार्य को एक विद्यालय के प्रभार से मुक्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र मनपुरा और उप स्वास्थ्य केन्द्र मनपुरा का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी में बच्चों को प्रदाय किए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई, इसके अलावा अन्य व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। परियोजना अधिकारी पिछोर द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण न करने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और परियोजना अधिकारी रतन सिंह वोडेलिया को चेतावनी कि वह केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारें। कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र मनपुरा में भी पर्याप्त साफ-सफाई न होने पर नाराजगी व्यक्त की तथा वहां पदस्थ आशा कार्यकर्ता की कार्यप्रणाली को ठीक न पाए जाने पर सेवा से पृथक करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। इसके बाद कलेक्टर ने पिछोर जनपद मुख्यालय पर जनपद कार्यालय व परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास का भी आकस्मिक निरीक्षण किया।
पढ़ा रही थीं सांख्यिकी, प्रश्न पूछा तो नहीं दे पाईं जवाब
करैरा व पिछोर में कलेक्टर का निरीक्षण