- Hindi News
- समिति गांव गांव जाकर हैंडपंप व नल जल योजना की जांच करेगी
समिति गांव-गांव जाकर हैंडपंप व नल-जल योजना की जांच करेगी
जिला सतर्कता व मूल्यांकन समिति की बैठक में हुआ निर्णय।
दतिया। जिले की नल जल योजनाओं के साथ हैंडपंपों की जांच समिति करेगी। बुधवार को आयोजित जिला सतर्कता व मूल्यांकन समिति की बैठक यह निर्णय लिया गया। समिति में सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल व भांडेर विधायक घनश्याम पिरौनिया को शामिल किया गया। बैठक सांसद अशोक अर्गल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद अर्गल ने कहा कि बैठक में जो भी निर्णय लिए जाए, अधिकारी उन्हें तत्परता के साथ पूरा करें। जनहित के कामों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा होना चाहिए। बैठक में सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल व भांडेर विधायक घनश्याम पिरोनियां उपस्थित थे।
वितरण से पहले होगी मुनादी : विधायकों ने बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में राशन व कैरोसिन वितरण न होने की शिकायत की। इस पर एडीएम सुरेश शर्मा ने कहा कि अगले माह से गांवों में खाद्यान्य वितरण की मुनादी कराई जाए, ताकि लोगों को वितरण की जानकारी लग सके।
शौचालय निर्माण की प्रक्रिया हो सरल : समिति के सदस्य जगदीश रावत ने ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र स्वच्छता अभियान के तहत शासन के अनुदान से बन रहे शौचालयों की निर्माण प्रक्रिया को सरल बनाने की बात कही। जिस पर सीईओ जिला पंचायत संदीप माकिन ने सहमति व्यक्त की।
दतिया। बैठक में मौजूद सांसद व अधिकारी।