‘रोजगार से महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर’
भास्कर संवाददाता - दतिया
रोजगार से महिलाएं व उनके परिवार का विकास होता है। रोजगार से महिलाएं आत्म निर्भर होती हैं। उन्हें रोजगार दिलाने के लिए अधिक से अधिक प्रयास करने चाहिए। यह बात भारतीय रिजर्व बैंक की महाप्रबंधक रानी धुर्वे ने इंदरगढ़ के सिकरी गांव में आयोजित लघु ऋण मेला कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में महिलाओं को लोन संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही इस बात की भी जानकारी दी कि महिलाओं को कौन से लघु उद्योगों के लिए लोन दिए जाने का प्रावधान है।
कलेक्टर रघुराज राजेंद्रन के निर्देशन पर पंजाब नेशनल बैंक व ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ने लघु ऋण मेला आयोजित किया। बैंक की डीआरआई योजना के तहत 15 बेरोजगार महिलाओं को जिन्होंने सिलाई, टेलरिंग का प्रशिक्षण लिया है, उन्हें बैंक लोन दे रही है। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में बेरोजगार महिलाओं को सिलाई, बुनाई आदि के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इससे महिलाएं अपना स्वयं का रोजगार कर सकें। कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया व पंजाब नेशनल बैंक शाखा इंदरगढ़ एवं शाखा धीरपुरा ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक भोपाल के सहायक महाप्रबंधक टीसी धीमान, एसके निगम, दीपक चौधरी, देवेन्द्र कुमार मालवीय, पीएल सोनी आदि लोग उपस्थित रहे।
दतिया। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं को ऋण स्वीकृत चेक प्रदान करतीं भारतीय रिर्जव बैंक की महाप्रबंधक सुश्री रानी धुर्वे।