रोजगार सहायकों के समर्थन में आए सचिव
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन। 15 दिन का दिया समय।
भास्कर संवाददाता - दतिया
मानदेय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे रोजगार सहायकों के समर्थन में शुक्रवार को ग्राम पंचायत सचिव संगठन ने कलेक्टर रघुराज एमआर के नाम ज्ञापन एडीएम सुरेश शर्मा को सौंपा। दूसरी ओर अनामय आश्रम के पास रोजगार सहायकों का धरना पांचवें दिन भी जारी रहा।
ग्राम पंचायत सचिव संगठन के जिलाध्यक्ष सतीश यादव के नेतृत्व में कलेक्टोरेट पहुंचे। एडीएम को रोजगार सहायकों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया रोजगार सहायकों के मानदेय भुगतान के आदेश जारी किए जाए। अगर ज्ञापन सौंपने के 15 दिन के अंदर रोजगार सहायकों को मानदेय नहीं दिया गया, तो जिलेभर के ग्राम पंचायत सचिव भी रोजगार सहायकों के समर्थन में हड़ताल पर चले जाएंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में संतोष यादव, मानसिंह दांगी, रामजीवन दांगी, मनोज पटेल, रामसेवक यादव, रामलाल राय, भगवान सिंह यादव, सियाशरण यादव, वीरसिंह दांगी, वीरेंद्र नेता, ईश्वर सिंह दांगी, कृष्ण मुरारी दुबे आदि शामिल रहे।
पांचवें दिन जारी रहा धरना : रोजगार सहायकों को धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही। मालूम हो कि सोमवार को रोजगार सहायकों ने आंदोलन शुरू कर दिया था। दो दिन कलेक्टोरेट पर धरना देने के बाद सहायकों ने अनामय आश्रम के पास धरना शुरू कर दिया है।