- Hindi News
- विधानसभा में उठवाएंगे मुद्दा : घनश्याम सिंह
विधानसभा में उठवाएंगे मुद्दा : घनश्याम सिंह
भास्कर संवाददाता। दतिया
शनिवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक घनश्याम सिंह रोजगार सहायकों के धरना स्थल पर पहुंचे। श्री सिंह ने रोजगार सहायकों की मांग को जायज ठहराते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने उनकी नहीं सुनी तो नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के माध्यम से मुद्दा विधानसभा में उठाया जाएगा, साथ ही जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। सरपंचों ने भी रोजगार सहायकों के समर्थन में कलेक्टर रघुराज एमआर के नाम ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर एमके जैन को सौंपा।
मालूम हो कि रोजगार सहायक सोमवार से 15 माह के मानदेय की मांग को लेकर हड़ताल पर है। रोजगार सहायकों की हड़ताल को समर्थन का सिलसिला भी जारी है। पूर्व में ग्राम पंचायत सचिव हड़ताल के समर्थन में प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके है। शनिवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक श्री सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने रोजगार सहायकों की बात प्रदेश स्तर पर उठाने का आश्वासन देते हुए कहा कि अगर सोमवार तक उनकी मांग नहीं सुनी गई तो कांग्रेस जिला स्तर पर उनके समर्थन में आंदोलन किए जाएंगे। इस मौके पर पूर्व नपा अध्यक्ष नाहर सिंह यादव, जिला मीडिया प्रभारी जितेन्द्र सिंह बुन्देला पठारी आदि कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
सरपंचों ने सौंपा ज्ञापन : रोजगार सहायकों के समर्थन में सरपंचों ने संयुक्त कलेक्टर जैन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया रोजगार सहायकों की मांग न्यायोचित है। 26 जनवरी को ग्राम सभाओं का आयोजन होना है। जिसमें मनरेगा के नवीन कार्यो की स्वीकृती के लिए प्रस्ताव रखे जाने है।
नवीन कार्यो के लिए मजदूर उपलब्ध कराने में रोजगार सहायकों की आवश्यकता होगी। चूंकि रोजगार सहायक हड़ताल पर है, ऐसे में नवीन कार्यो के प्रस्ताव के साथ ऑनलाइन कार्य संभव नहीं होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में रामसिंह दद्दा, विक्रम दांगी, बालकृष्ण गुर्जर, पुष्पा दुबे, विजय दांगी, बल्लन यादव, रामश्री यादव, रामश्री यादव बिड़निया, पुरुषोत्तम शर्मा, रविन्द्र पटेल अरविन्द दांगी आदि सरपंच प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।