- Hindi News
- राजस्व विभाग ने चलाया किसानों से बकाया वसूली का अभियान
राजस्व विभाग ने चलाया किसानों से बकाया वसूली का अभियान
ट्रैक्टर सीज कर थाने में खड़ा कराया। कई को दिया पांच फरवरी तक का समय।
भास्कर संवाददाता - भांडेर
क्षेत्र में बैंक के लोन और किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए लोन लेने वाले बकायादार किसानों के खिलाफ वसूली अभियान चला रहा है। इसके तहत ही राजस्व विभाग की टीम ने सोमवार और मंगलवार को वसूली अभियान चलाया। इसके तहत ही बडैरा सोपान के किसान से ट्रैक्टर सीज करके पंडोखर थाने में रखवाया। राजस्व अमला और बैंक प्रबंधन की ओर से यह कार्रवाई संयुक्त रूप से की गई।
मालूम हो कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों पर लाखों रुपए लोन की बकाया राशि है। उसे जमा नहीं करने पर सतपुड़ा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक ने २१ खातों पर कार्रवाई की। इसमें किसानों से करीब ३४ लाख रुपए की राशि वसूल की जानी है। किसानों ने ट्रैक्टर खरीदने, केसीसी बनवाने और अन्य कार्यों के लिए बैंक से लोन लिया था। बकायादार किसानों पर कार्रवाई के दौरान बड़ैरा सोपान गांव के किसान मगनलाल पुत्र पन्नालाल लोधी का ट्रैक्टर सीज करके पंडोखर थाने में रखवा दिया। वहीं शेष बकायादारों को ५ फरवरी तक का समय दिया है। उसके बाद यह कार्रवाई फिर से की जाएगी। कार्रवाई करते समय राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार लीना जैन, बैंक मैनेजर सीएम अहिरवार, और भांडेर शाखा के प्रबंधक ओपी आर्या, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और पुलिस बल मौजूद रहा।