- Hindi News
- रोजगार सहायकों ने कलेक्टोरेट में की बूट पालिश
रोजगार सहायकों ने कलेक्टोरेट में की बूट पालिश
भास्कर संवाददाता - दतिया
बुधवार को दस दिन से हड़ताल पर चल रहे रोजगार सहायकों ने कलेक्टोरेट पहुंच कर लोगों के जूतों पर पालिश की। बूट पालिश से एकत्रित पैसों को रोजगार सहायक शासन के फंड में जमा करेंगे। रोजगार सहायकों के अनुसार जब तक उनका मानदेय नहीं दिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। गुरुवार को रोजगार सहायक झाड़ू लगाकर पैसे एकत्रित करेंगे।
मालूम हो कि 15 माह के मानदेय की मांग को लेकर रोजगार सहायक 10 दिन से कलमबंद हड़ताल पर हैं। हड़ताल के दौरान मानदेय से वंचित जिलेभर के रोजगार सहायक अनामय आश्रम के पास अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। धरना पर बैठे रोजगार सहायक पैसे एकत्रित करने के लिए विभिन्न आंदोलनों को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार को भीख मांगने के बाद बुधवार को रोजगार सहायक धरना स्थल से रैली के रूप में कलेक्टोरेट के गेट नंबर एक पर पहुंचे। कलेक्टोरेट आ रहे लोगों को रोक कर उनके जूतों पर पालिश की और पैसे एकत्रित किए। इस मौके पर रोहित दांगी सोमंत दांगी, धर्मेन्द्र, प्रियंका श्रीवास्तव, भावना शर्मा, प्रीति पाठक, संध्या श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
मेरा मामला नहीं कहकर निकल गए एडीएम : बूट पालिश कर रहे रोजगार सहायकों को एडीएम सुरेश शर्मा कलेक्टोरेट में बाहर मिल गए। सहायकों ने उनके जूतों पर पालिश कराने के लिए कहा, लेकिन एडीएम शर्मा यह कहते हुए निकल गए कि,यह उनका मामला नहीं है।
भांडेर में सरपंच व सचिवों ने किया बैठक का बहिष्कार : बुधवार को जिला पंचायत सीईओ भांडेर ब्लाक के सरपंच व सचिवों की बैठक लेने के लिए भांडेर गए थे। सरपंच व सचिवों ने बैठक का बहिष्कार यह कहते हुए कर दिया कि जब तक रोजगार सहायकों का मानदेय नहीं दिया जाता, सरपंच व सचिव प्रशासन की किसी भी बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे।
दतिया। बूट पालिश करते रोजगार सहायक।
बूट पालिश से एकत्रित पैसों को रोजगार सहायक शासन के फंड में करेंगे जमा, रोजगार सहायक आज लगाएंगे झाड़ू