- Hindi News
- पति व सास पर युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज
पति व सास पर युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज
भास्कर संवाददाता - दतिया
थाना भांडेर पुलिस ने एक विवाहिता की मौत के मामले में पति व सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार कस्बा भांडेर के रामगढ़ स्थित कंजर डेरा निवासी स्लेट कंजर का विवाह राजगढ़ निवासी रानी कंजर के साथ हुआ था।
स्लेट कंजर का यह दूसरा विवाह था। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने रानी से विवाह किया था। गत 15 जनवरी को रानी ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली थी। उसकी मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने मृतका के मायकेवालों व अन्य लोगों को सूचना दिए बगैर गुपचुप तरीके से उसका दाह संस्कार कर दिया। घटना के बाद मृतका के परिजन को उसकी मौत की सूचना मिली और उन्होंने पुलिस में इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच की जिसमें सामने आया कि मृतका का पति स्लेट कंजर तथा उसकी सास कीर्तिबाई कंजर द्वारा उसे प्रताडि़त किया जाता था। प्रताडऩा से तंग आकर ही मृतका रानी ने आत्महत्या की थी। जांच उपरांत पुलिस ने मृतका के पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।