पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कोहरा बरसा, पांच डिग्री लुढ़का पारा

कोहरा बरसा, पांच डिग्री लुढ़का पारा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - दतिया
गुरुवार को शहर का मौसम मिलाजुला रहा। सुबह कोहरे व शीत हवा के कारण लोग कांपे तो दोपहर में निकली धूप ने राहत प्रदान की। कोहरे व शीत हवा के कारण गुरुवार को अधिकतम तापमान पांच डिग्री से अधिक गिर गया, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री चढ़ गया। पल पल में बदलता मौसम लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल रहा है।
दो दिन की राहत के बाद गुरुवार को सर्दी के तेवर फिर तीखे हो गए। बुधवार को दिन में निकली कुल 10.2 घंटे तेज धूप व 26.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचे तापमान ने दिन में जैसे सर्दी को गायब कर दिया था, लेकिन बुधवार रात को मौसम के तेवर बदल गए। गुरुवार की सुबह घना कोहरा था। हवा के साथ गिर रही ओस की बूंदें बारिश की फुहारों का अहसास करा रही थीं। समय से धूप न निकलने के कारण लोग सर्दी से कांपने के लिए मजबूर हो रहे थे। दोपहर 12 बजे मौसम ने पलटी खाई। कोहरे के पीछे से सूर्य भगवान ने झांकना शुरू किया। लगभग एक घंटे बाद आसमान से कोहरा पूरी तरह गायब हुआ। तब कहीं जाकर लोगों को सर्दी से राहत मिली।
पांच डिग्री गिरा तापमान : गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान पांच डिग्री गिर गया, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री चढ़ गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जो गुरुवार को गिर कर 21 डिग्री गया। न्यूनतम तापमान बुधवार को 7.4 डिग्री था जो गुरुवार को चढ़ कर 9.4 डिग्री पर जा पहुंचा।
पल पल में बदलता मौसम स्वास्थ्य कर रहा प्रभावित : पल पल में बदलता मौसम लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। लोग सर्दी, जुखाम, गले में खरास जैसी संक्रमण बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सरकारी व निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। मौसम का सर्वाधिक शिकार नौनिहाल हो रहे हैं।
ऐसा ही रहेगा मौसम : केन्द्रीय मृदा एवं जलसंरक्षण संस्थान के तकनीकी अधिकारी डॉ. नरेन्द्र शर्मा के अनुसार अभी दो दिन मौसम मिलाजुला रहने की संभावना है। कोहरे तो पड़ेगा लेकिन आसमान साफ रहेगा।



दतिया। घने कोहरे में 100 मीटर दूर भी स्पष्ट नजर नहीं आ रहा था।

मौसम ने फिर ली करवट

सुबह के समय सर्द हवा ने कंपाया, दोपहर में निकली धूप ने दी राहत