नशा जहर के समान, युवा रहें दूर : कृष्णा
शहीद दिवस पर मद्य निषेध संगोष्ठी आयोजित।
भास्कर संवाददाता - दतिया
नशा जहर के समान है। नशा से तमाम परिवार नष्ट हो जाते हैं। नशा विकास में बाधक है। युवाओं को नशा से दूर रहना चाहिए।
यह विचार शहीद दिवस के मौके पर गुरुवार को खेल युवा कल्याण ग्रामीण युवा केन्द्र ब्लॉक दतिया एवं नवांकुर संस्था स्व. मनोज रावत युवा कल्याण खेल अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में हर्ष विद्यालय में आयोजित मद्य निषेध पर आधारित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष कृष्णा कुशवाहा बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्राचार्य संतोष शर्मा ने की। संगोष्ठी में वक्ता के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. हरिसिंह हरीश, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. नौशाद सोहिल, शिक्षक साहब सिंह कौरव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर बच्चों के लिए प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसमें कु. प्रियांशी बुंदेला प्रथम, फरहीन खान द्वितीय एवं कौसर बानो तृतीय स्थान पर रहीं।
संगोष्ठी का संबोधित करते हुए वक्ताओं ने नशा की बुराइयों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशा से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन युवा समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग संजय रावत ने तथा आभार लोकेन्द्र सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर चेतन सुखानी, अजय कुमार नगरिया, आनंद स्वरूप सक्सेना, संतोष लिखार, रामस्वरूप गुर्जर, वीरसिंह अहिरवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
दतिया। शहीद दिवस पर मद्य निषेध संगोष्ठी में शपथ लेते लोग।