- Hindi News
- डिलीवरी प्वाइंट चेक करने पहुंचे जांच दल को अस्पताल में मिलीं खामियां
डिलीवरी प्वाइंट चेक करने पहुंचे जांच दल को अस्पताल में मिलीं खामियां
भास्कर संवाददाता. जौरा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा गठित मॉनीटरिंग टीम ने बुधवार को जौरा व सुमावली अस्पताल पहुंचकर वहां के मेटरनिटी प्वाइंट चेक किए। दोनों अस्पतालों के ब्लाक मेडिकल आफिसर्स को व्यवस्थाएं ठीक करने की ताकीद की गई है। मॉनीटरिंग टीम में शामिल जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. पीआर पेंढारकर व स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. अनुभा माहेश्वरी ने जौरा अस्पताल में पाया कि मेटरनिटी वार्ड का वार्मर ठीक से काम नहीं कर रहा है। उसे रिपेयर कराने की जरूरत है। इसके अलावा वहां वार्ड की छत से पानी का रिसाव हो रहा है। डाक्टर्स की टीम ने पोषण पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण किया तो वहां सिर्फ एक बच्चा ही भर्ती पाया गया । इस पर मॉनीटरिंग टीम को अचंभा हुआ कि एनआरसी में कुपोषित बच्चों को क्यों नहीं भर्ती कराया जा रहा है।
सुमावली : सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुमावली के मेटरनिटी वार्ड में मॉनीटरिंग टीम ने पाया कि वहां प्रसव कराने वाले औजार ट्रे में व्यवस्थित तरीके से नहीं रखे गए हैं। वहीं टीम ने अस्पताल के डिलीवरी प्वाइंट का निरीक्षण करने के दौरान यह नहीं देखा कि वहां भर्ती प्रसूताओं का डायग्नोस ठीक से किया जा रहा है या नहीं?