- Hindi News
- फोटो स्टूडियो में लगी आग तीन लाख रुपए की क्षति
फोटो स्टूडियो में लगी आग तीन लाख रुपए की क्षति
भास्कर संवाददाता - पोरसा
पुलिस थाने के सामने स्थित बृज फोटो स्टूडियो में बीती रात अचानक आग लग जाने से उसमें रखा तीन लाख का सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकान में आग कैसे लगी फिलहाल इसके बारे में कुछ भी पता नहीं चला है। पटवारी द्वारा मौके का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक फोटो स्टूडियो संचालक बृजराज ओझा बुधवार को अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। सुबह होते ही दुकान के आसपास रहने वाले लोगों ने उन्हें बताया कि तुम्हारी दुकान से धुआं निकल रहा है। उन्होंने दुकान पर पहुंचकर जैसे ही दुकान खोलकर अंदर झांका तो उसमें रखा लगभग सभी सामान जल चुका था। दुकानदार के मुताबिक इस आगजनी में दो कंप्यूटर, एक लैपटॉप, तीन प्रिंटर, वीडियो कैमरा, स्पीकर, स्केनर सहित दुकान में लगा फर्नीचर जल गया। नष्ट हुए सामान की कीमत तीन लाख के करीब बताई गई है। आगजनी की खबर मिलते ही संबंधित पटवारी भी क्षति का जायजा लेने मौके पर पहुंचा तथा पुलिस ने पड़ताल कर आगजनी का कारण जानने का प्रयास किया, लेकिन दुकान में यह आग कैसे लगी इस बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका है।
आगजनी के बाद दुकान में बिखरा पड़ा सामान