बिजली घर का घेराव कर मांगी ‘बिजली’
शहर के विक्रम नगर में दो वर्ष से फुंका है ट्रांसफार्मर। लोग इधर-उधर की बस्तियों के ट्रांसफार्मरों से ला रहे हैं बिजली।
भास्कर संवाददाता - मुरैना
बिजली मिल नहीं रही है, लेकिन बिल लगातार आ रहे हैं। इससे पीडि़त शहर की चार बस्तियों के लोगों ने सोमवार को बिजली घर का घेराव कर बिजली की मांग की। विक्रम नगर का मामला सबसे बड़ा था। दो साल से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। नवोदय कॉलोनी में दो महीने से ट्रांसफार्मर खराब है। यहां की पीडि़त महिलाएं अपने नौनिहालों को गोद में लेकर घेराव करने आई थीं। इधर सिद्ध नगर व माधौपुरा के लोग भी बिजली के लिए एक महीने से परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार बिजली घर का घेराव करने आए शहर के विक्रम नगर के लोगों ने बताया कि उनकी बस्ती का ट्रांसफार्मर दो साल से फुंका है। ऐसे में बिजली तो आ नहीं रही है पर बिल लगातार आ रहे हैं। बिजली घर का घेराव कर रहे प्रवीण श्रीवास्तव, उम्मेदसिंह पटेल, कोकसिंह रजक, विशंभर राठौर, सुरेश गुर्जर ने अपने बिल दिखाए कि दो साल से ट्रांसफार्मर फुंके होने के बावजूद आखिर ये बिल क्यों दिए जा रहे हैं।
नवोदय कॉलोनी की महिलाएं आईं : शहर की नवोदय कॉलोनी से प्रभा सिकरवार, विजया सिकरवार, बबली सिकरवार, रेखा तोमर, ऊषा सिकरवार, लक्ष्मी तोमर, सोनम आदि महिलाएं अपने घर से छोटे-छोटे बच्चों को लेकर बिजली घर पर आई थीं। इन महिलाओं ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से गुहार की कि उनकी कॉलोनी में दो महीने से ट्रांसफार्मर फुंका है, बिजली नहीं मिल रही है, लेकिन बिल लगातार आ रहा है। यहां राजकुमार भदौरिया ने अपना 1200 रुपए का बिल व किशन सिंह ने 488 रुपए का बिल दिखाया।
सिद्धनगर में नहीं मिल रही बिजली :शहर के सिद्धनगर से बिजली पीडि़तों ने बिजली घर पर आकर अधीक्षण यंत्री कार्यालय का घेराव किया। यहां रामस्वरूप पाठक, अरुण सिकरवार, माधौसिंह बघेल, रंजीत सिंह बघेल, वीरसिंह, गिर्राज, रामदीन आदि ने बताया कि उनके मोहल्ले में एक महीने से बिजली नहीं मिल रही है।
माधौपुरा में नहीं बदले ट्रांसफार्मर : शहर के माधौपुरा में पिछले एक महीने से 11 ट्रांसफार्मर फुंके हैं। बिजली कंपनी ने यहां मात्र दो ट्रांसफार्मर बदले हैं, जबकि नौ ट्रांसफार्मर अभी भी फुंके हैं। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
११ ट्रांसफार्मर फुंके, बदले सिर्फ दो: इस मामले में माधौपुरा के जयकिशन डंडोतिया ने बताया कि मोहल्ले में 11 ट्रांसफार्मर एक महीने से फुंके पड़े हैं। इनमें से दो ही बदले गए हैं। नौ ट्रांसफार्मर फुंके होने से बस्ती में रात में अंधेरा रहता है।