- Hindi News
- प्रभारी मंत्री ने ली सलामी, मीसाबंदी सम्मानित
प्रभारी मंत्री ने ली सलामी, मीसाबंदी सम्मानित
गणतंत्र दिवस समारोह में लुधावली ग्राम पंचायत द्वारा अस्पृश्यता निवारण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सरपंच भूदेवी तोमर को एक लाख रुपए का चेक व प्रशंसा पत्र दिया गया।
भास्कर संवाददाता - मुरैना
गणतंत्र दिवस की वर्षगांठ पर जिला मुख्यालय के समारोह में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री लालसिंह आर्य ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान मंच पर कलेक्टर मदन कुमार व एसपी इरशाद वली उपस्थित रहे। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ ही विभिन्न विभागों की झांकियां भी निकाली गईं। समारोह में चंबल कमिश्नर शिवानंद दुबे भी अतिथियों की पंक्ति में मौजूद रहे। यहां मीसाबंदियों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का शॉल व श्रीफल से सम्मान किया गया।
पुलिस परेड मैदान पर 26 जनवरी को मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री आर्य ने ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री के संदेश में कहा कि प्रदेश में विकास अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रभारी मंत्री ने समारोह में शांति के प्रतीक श्वेत कपोत छोड़े और रंगबिरंगे गुब्बारे भी उड़ाए। समारोह का मुख्य आकर्षण परेड, मंच से गुजरी। परेड को ट्रैफिक सूबेदार पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ कमांड कर रहे थे। साथ ही द्वितीय कमान सब इंस्पेक्टर पूजा परिहार संभाले थीं। उनके पीछे एसएएफ की टुकड़ी, फिर पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर, जूनियर, स्काउट गाइड व अभ्युदय आश्रम की टुकड़ी शामिल रहीं। अभ्युदय आश्रम की टुकड़ी को श्रद्धा छारी कमांड कर रही थीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में लहर-लहर लहराए तिरंगा पर बच्चे झूमकर नाचे। परेड मैदान पर एक्सीलेंस स्कूल, गंगा पब्लिक स्कूल, गल्र्स स्कूल, स्कॉलर्स स्कूल, शिशु मंदिर समेत अभ्युदय आश्रम के बच्चों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए।
108 सेवा को सम्मान : एमरजेंसी सेवा 108 एंबुलेंस की 12 सदस्यीय टीम को प्रभारी मंत्री आर्य ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। मंच पर 108 सेवा के जिला प्रभारी रोहित श्रीवास्तव को ये प्रशस्ति पत्र दिए गए। समारोह में जौरा विधायक सूबेदारसिंह रजौधा, दिमनी विधायक बलवीरसिंह डंडोतिया, नगरपालिका अध्यक्ष राजेश कथूरिया, पूर्व विधायक गजराज सिंह सिकरवार, मुंशीलाल, जिला पंचायत के सीईओ आशीष कुमार, एएसपी रघुवंश सिंह भदौरिया, डीएसपी मुख्यालय अंजुलता पटले, प्रोजेक्ट ऑफिसर राजीव पांडे आदि उपस्थित रहे। पैरालाइसिस अटैक के कारण समारोह में नहीं आ पाए मीसाबंदी रामजीलाल मंगल का सम्मान करने प्रभारी मंत्री श्री आर्य उनके निवास पर गए। वहां उन्होंने शॉल व श्रीफल से श्री मंगल का सम्मान किया।
एक्सीलेंस पुलिसिंग के लिए वीरबहादुर सिंह हुए सम्मानित: नगरा थाना प्रभारी वीरबहादुर सिंह भदौरिया को एक्सीलेंस पुलिसिंग के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। नूराबाद पुलिस थाने में बेहतर रख-रखाव करने के लिए टीआई एनके उपाध्याय को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
अंबाह में पचासा मैदान पर समारोह : नगर अंबाह में पचासा मैदान पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में जनपद अध्यक्ष राजा बेटी तोमर ने ध्वजारोहण किया। यहां मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन एसडीएम इकबाल मोहम्मद रंगरेज ने किया। यहां प्राची तोमर स्मृति पुरस्कार कक्षा 12 में ब्लॉक में प्रथम स्थान पाने पर निशि तोमर को दिया गया।
बानमोर में ध्वजारोहण : गणतंत्र दिवस पर कृष्णा कॉन्वेंट स्कूल, हिमानी स्कूल, ब्राइट स्कूल, एबीनेजर स्कूल, सरकारी अस्पताल, नगरपंचायत, भाजपा कार्यालय, व्यापार मंडल पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए।
दिमनी क्षेत्र में गणतंत्र दिवस मनाया : ग्राम गोठ, दिमनी, रानपुर, रथोल का पुरा, ऐसाह, पाय का पुरा, कुथियाना, शिखारी का पुरा, बीलपुर, बरेह में गणतंत्र दिवस पर स्कूलों में झंडावंदन किया गया।
सुमावली: गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सरकारी कार्यालयों पर तिरंगा फहराया गया। हायर सेकंडरी स्कूल में प्राचार्य आईसी गुप्ता ने, मिडिल स्कूल में रामनिवास पाठक ने, शिवशंकर कालेज में प्राचार्य हरेंद्र सिंह जादौन ने, थाना में पीएसआई सतेंद्र ध्रुवे ने, रेलवे स्टेशन पर मैनेजर डीएस भदौरिया ने, पंचायत भवन पर सरपंच मुरारीलाल कुशवाह ने, प्री मैट्रिक छात्रावास में अमृतलाल शाक्य ने, स्टेट बैंक आफ इंडिया में सोम प्रकाश धवन ने ध्वजारोहण किया।
पोरसा: मुख्य समारोह में पूर्व जनपद अध्यक्ष मोहन सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया। कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में अध्यक्ष अनार सिंह तोमर ने, जनपद कार्यालय पर अध्यक्ष सरोज तोमर ने, नगर पंचायत पर अध्यक्ष सुरेश जाटव ने, एक्सीलेंस स्कूल में बीएस चौहान ने, शासकीय कॉलेज में प्राचार्य फूल सिंह डंडोतिया ने व एनएएस कॉलेज में रामप्रताप तोमर ने तिरंगा फहराया।
झुंडपुरा में गणतंत्र दिवस: नगरपंचायत में अध्यक्ष सुनीता रावत ने ध्वजारोहण किया। हायर सेकेंडरी स्कूल पर कल्याण सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कन्या हाईस्कूल पर एलएस चौबे ने ध्वजारोहण किया।
यहां भी हुआ ध्वजारोहण
: चंबल भवन आयुक्तकार्यालय पर कमिश्नर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
: जिला न्यायालय भवन पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीके नायक ने ध्वजारोहण किया। परिसर में जिला अभिभाषक संघ ने कवि सम्मेलन आयोजित किया। जिला पंचायत कार्यालय पर कार्यकारी अध्यक्ष मनोज पाल सिंह यादव ने ध्वजारोहण किया।
: मयंक कॉन्वेंट स्कूल में मुरैना रॉकर्स ने गणतंत्र पर डांसिंग-सिंगिंग कॉम्पटीशन कराया। जिसमें देवेंद्र प्रताप शिवहरे, मोहित शिवहरे ने गीत गाए। समारोह में संचालक जगदीश श्रीवास्तव सपत्नीक मौजूद रहे।
: शहर के जन शिक्षण संस्थान, गंगा पब्लिक स्कूल, जनजीवन ज्योति समाज सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण समिति, डायमंड मिशन स्कूल, जिला कांग्रेस सेवादल, जैन कॉलेज एवं बालगृह पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
परेड की सलामी लेते राज्यमंत्री लालसिंह आर्य, कलेक्टर व एसपी।
मंत्री लालसिंह आर्य को सलामी देती जिला पुलिस बल की टुकड़ी।
गणतंत्र दिवस - समारोह में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री लालसिंह आर्य ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया, गुब्बारे छोड़े
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए १०८ एंबुलेंस के एएमसी स्टाफ को पुरस्कृत करते मंत्री ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करतीं एक्सीलेंस स्कूल की छात्राएं।