- Hindi News
- चंबल सफारी में बोटिंग करने पहुंचे कई पर्यटक निराश लौटे
चंबल सफारी में बोटिंग करने पहुंचे कई पर्यटक निराश लौटे
रिश्तेदारों के लिए लाइफ जैकेट नई निकाली, वैसे रखते हैं पुरानी।
भास्कर संवाददाता - मुरैना
राष्ट्रीय चंबल सफारी में 26 जनवरी को सैर करने गए मुरैना, आगरा, धौलपुर व ग्वालियर तक के सैलानियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। कारण था कि राष्ट्रीय पर्व की छुट्टी पर वन विभाग के अधिकारियों के परिवारों व नाते-रिश्तेदारों की भीड़ पहले से ही सफारी में पहुंच गई थी। फिर यहां सफारी प्रबंधन ने उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के परिवार बताकर सैलानियों से पहले उन्हें बोटिंग कराई। सैलानी दो-तीन घंटे इंतजार के बाद भी जब बोटिंग नहीं कर पाए तो मायूस होकर लौट गए। जब इस बारे में जिले के अधिकारियों से बात की उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी चंबल सफारी में आए थे, इसलिए कुछ नहीं कर सकते।
कुछ लोगों से बहस हुई : बोटिंग के लिए आगरा, धौलपुर, मुरैना समेत ग्वालियर से आए सैलानियों से सफारी प्रबंधन की बहस भी हुई। सफारी प्रबंधन के कर्मचारियों ने कह दिया कि अधिकारियों के परिवार आए हैं, इसलिए वे इस मामले में कुछ नहीं कर सकते।
नई लाइफ जैकेट निकालीं :26 जनवरी को जब अधिकारियों के परिवारों व रिश्तेदारों को सैर कराई जा रही थी तो उनके लिए नई लाइफ जैकेट निकाली गई थीं, जबकि सैलानियों के लिए रोजाना यहां पुरानी फटी हुई लाइफ जैकेट रखी जाती हैं।
रविवार को अधिकारियों के लिए बोट पर रखी गईं नई लाइफ जैकेट्स।
अधिकारी आए हुए थे
चंबल सफारी में रविवार को अधिकारी आए थे। जहां तक आम सैलानियों को बोटिंग न कराए जाने का सवाल है तो उनके लिए अलग से बोट थीं।ञ्जञ्ज
विंसेंट रहीम, डीएफओ मुरैना