- Hindi News
- तीन लड़कियों को भगाकर ले जाने वाले तीन युवक दबोचे
तीन लड़कियों को भगाकर ले जाने वाले तीन युवक दबोचे
गणतंत्र दिवस की परेड देखने आई थीं लड़कियां।
भास्कर संवाददाता - मुरैना
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड देखने आईं एसएएफ पुलिस लाइन की तीन लड़कियों को तीन युवक स्कॉर्पियो गाड़ी में भगाकर आगरा ले जा रहे थे। सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी कराकर इन्हें पकड़ लिया। तीनों लड़कियां उनके परिजन के सुपुर्द की गईं, जबकि आरोपी युवकों को हवालात में बंद किया गया।
जानकारी के अनुसार एसएएफ पुलिस लाइन में रहने वाले तीन परिवारों की तीन लड़कियां पुलिस परेड मैदान पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह की परेड देखने आई थीं। यहां सरायपुरा निवासी आशीष जाटव पुत्र कप्तान सिंह का फोन इनमें से एक लड़की पर आया। आशीष का संपर्क पिछले कुछ महीनों से इनमें से एक लड़की से था। आशीष ने उसे अपनी सहेलियों को लेकर गल्र्स स्कूल पर आने को कहा। तब वह लड़की अपनी दोनों सहेलियों को लेकर शिक्षा नगर में एजेके थाने के पास गल्र्स स्कूल के सामने पहुंच गई। वहां एक स्कॉर्पियो में आशीष अपने दोस्त ओमप्रकाश जीप मालिक अरविंद जाटव के साथ था।
बताते हैं कि इन तीनों युवकों ने तीनों लड़कियों को स्कॉर्पियो में बैठा लिया। यह घटना सड़क पर किसी ने देखी तो उसे शक हुआ और उसने पुलिस को फोन कर दिया। कोतवाली टीआई अजय चानना ने इस सूचना पर तत्काल एक्शन लेकर शहर की नाकाबंदी की और स्वयं जीप लेकर हाईवे पर निकले। उधर सेल्स टैक्स बैरियर पर यह स्कॉर्पियो रोक ली गई। पुलिस ने इसमें से तीनों लड़कियों को बरामद कर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इन्हें कोतवाली लाया गया। यहां लड़कियों के परिजन बुलाकर उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया और युवकों को हवालात में बंद कर दिया।