- Hindi News
- परीक्षा केंद्र को नजदीक कराने के लिए अनिश्चित कालीन धरना शुरू
परीक्षा केंद्र को नजदीक कराने के लिए अनिश्चित कालीन धरना शुरू
जमीन का तहसीलदार नहीं कर रहे बटांकन व सीमांकन, वहीं 20 किलोमीटर दूर सबलगढ़ परीक्षा केंद्र रखने से 10वीं व 12वीं के छात्र परेशान हैं।
भास्कर संवाददाता - रामपुरकलां
स्थानीय प्रशासन के रवैये से त्रस्त आकर रामपुरकलां कस्बे में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व स्कूली छात्रों ने संयुक्त रूप से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। बुधवार को धरने पर बैठे आंदोलन कारियों का कहना है कि जब तक स्थानीय प्रशासन समस्या का समाधान नहीं कर देता तब तक धरना जारी रहेगा। धरने पर बैठे लोगों ने अपनी समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी भोपाल फैक्स कर पहुंचाया है।
धरने पर बैठे व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश पंसारी ने बताया कि रामपुरकलां के लोग वर्षों से कस्बे में श्मशान नहीं होने की त्रासदी झेल रहे हैं। किसी भी व्यक्ति की मृत्यु होने पर गांव के लोगों को तीन किलोमीटर दूर क्वारी नदी किनारे अंत्येष्टि के लिए जाना पड़ रहा है। लोगों की इस समस्या को महसूस करते हुए व्यापार मंडल द्वारा श्मशान के लिए जमीन भी खरीदी गई।
इसके बाद तत्कालीन कलेक्टर व एसडीएम ने उक्त जमीन का बटांकन व सीमांकन करने के संबंध में तहसीलदार को निर्देशित भी किया, लेकिन उनकी लापरवाही के कारण रामपुर के लोगों को आज तक श्मशान के लिए जमीन नहीं मिल पाई। उधर धरने पर बैठे दसवीं व बारहवीं के छात्रों ने बताया कि पिछले एक साल से हमारा परीक्षा केंद्र रामपुर से हटाकर बीस किलोमीटर दूर सबलगढ़ में रख दिया है। इसके कारण छात्रों के सामने ंआवागमन की मुसीबत खड़ी हो गई है, वहीं अभिभावकों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ सहना पड़ेगा।
भेज दिया गया है प्रस्ताव
॥दसवीं व बारहवीं के परीक्षा केंद्र माध्यमिक शिक्षा मंडल के प्रावधान के अनुसार बनाए जाते हैं हालांकि मैंने जिला शिक्षा अधिकारी को रामपुर भेजा है ताकि लोगों की अपेक्षाओं को राज्य शासन तक पहुंचाया जा सके। मरघट की जमीन का सीमांकन व बटांकन करने में नक्शे में त्रुटि होने के कारण परेशानी आ रही है। इस संबंध में तहसीलदार ने कलेक्टर महोदय को त्रुटि दूर करने का प्रस्ताव भेज दिया है।ञ्जञ्ज
रूपेश उपाध्याय, एसडीएम सबलगढ़
रामपुर कलां में धरने पर बैठे छात्र व व्यापारी।