- Hindi News
- बर्बाद फसलों का मुआवजा नहीं तो कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन: रावत
बर्बाद फसलों का मुआवजा नहीं तो कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन: रावत
कलेक्टर ने कांग्रेसियों को क्षेत्रों में ओला व बारिश प्रभावित फसलों के नुकसान का आकलन फिर से कराकर मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन।
भास्कर संवाददाता - मुरैना
ओलों और बारिश ने मुरैना जिले के किसानों की फसलों को बर्बाद कर दिया है। लेकिन कई जगह फसलों का आकलन सही नहीं किया गया है। इसलिए किसानों को मुआवजा नहीं मिल रहा है। अगर ओला प्रभावित फसलों का दोबारा आकलन नहीं किया और प्रत्येक पीडि़त किसान को मुआवजा नहीं मिला तो कांग्रेस जिले भर में आंदोलन करेगी। यह बात पूर्व मंत्री व विजयपुर विधायक रामनिवास रावत ने कही।
श्री रावत बुधवार को मुरैना कलेक्टोरेट पर जिला कांग्रेस के प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व कांग्रेसी शहर के टाउन हॉल में एकत्रित हुए थे और यहां से रैली के रूप में कलेक्टोरेट पहुंचे थे। जहां गेट पर डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन व आमसभा जारी रही। यहां कलेक्टर मदन कुमार ने गेट पर आकर कांग्रेसियों से ज्ञापन लिया और आवश्यक क्षेत्रों में ओला व बारिश प्रभावित फसलों के नुकसान का आकलन फिर से कराकर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
इन गांवों की फसलें हुईं प्रभावित
ज्ञापन में लिखा गया कि ओलों व बारिश से मुरैना विधानसभा क्षेत्र के बानमोर व नूराबाद के गांवों समेत सुमावली, दिमनी, अंबाह व जौरा के गांवों में ओलों से फसलें बर्बाद हुई हैं।
आंदोलनकारियों को संबोधित करते कांग्रेस के पूर्व मंत्री व विजयपुर विधायक रामनिवास रावत।
आक्रोश - कलेक्टोरेट पर कांग्रेस के प्रदर्शन में विजयपुर विधायक ने किया एलान