- Hindi News
- सीईओ व अध्यक्ष पर लगाए आरोप, साधारण सभा की बैठक में हंगामा
सीईओ व अध्यक्ष पर लगाए आरोप, साधारण सभा की बैठक में हंगामा
ञ्च प्रोसीडिंग रजिस्टर पर हस्ताक्षर किए बगैर ही चले गए खपा जनपद सदस्य, ऑन लाइन शिकायत भोपाल भेजी।
भास्कर संवाददाता - कैलारस
जनपद पंचायत की साधारण सभा की बैठक के दौरान बीते रोज सदस्यों ने हंगामा कर दिया। ज्यादातर सदस्यों का कहना है कि सीईओ व अध्यक्ष ने मनमाने तरीके से न केवल एजेंडे में बिंदु शामिल किए, बल्कि प्रोसीडिंग भी अपनी मर्जी के मुताबिक लिख रहे हैं। एक घंटे तक चले विवाद के बाद सभी सदस्य प्रोसीडिंग पर हस्ताक्षर किए बगैर ही चले गए। यही नहीं इस संबंध उन्होंने मप्र जन शिकायत निवारण विभाग को ऑनलाइन शिकायत भी की है।
सदस्यों के मुताबिक सीईओ ने साधारण सभा की बैठक शुरू होने से पूर्व ही उपस्थिति रजिस्टर पर सदस्यों के हस्ताक्षर करा लिए थे। सदस्यों के कहने पर बैठक के दौरान उनके प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल नहीं किए। सदस्यों द्वारा पूछने पर चर्चा के बिंदु भी नहीं बताए। बैठक के उपरांत जब अध्यक्ष व सीईओ प्रोसिंग रजिस्टर लेकर जाने लगे तो वहां मौजूद सदस्यों ने बवाल खड़ा कर दिया। सदस्यों के अनुसार जब से नए सीईओ कैलारस में पदस्थ हुए हैं वे शासन की कल्याणकारी योजनाएं मनरेगा, भवन संनिर्माण, कर्मकार मंडल, मुख्यमंत्री आवास, इंदिरा आवास, पेंशन जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में न केवल मनमानी कर रहे हैं बल्कि वे अपात्र लोगों को लाभ पहुंचा रहे हैं। जबकि पात्र हितग्राही रोजाना जनपद कार्याकल के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने १३ वित्त आयोग के तहत परफार्मेंस ग्रांट की राशि भी चहेते सरपंचों को जारी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई जनपद सदस्य ऐसे हैं जिनके क्षेत्र इस राशि के लाभ से वंचित हैं। जनपद सदस्यों ने सीईओ द्वारा की जा रहीं कार्रवाईयों की जांच कराने की मांग की है। सीईओ व अध्यक्ष के रवैये को लेकर जो जनपद सदस्य खपा हैं उनमें जंडेल शाक्य ((उपाध्यक्ष)), डॉ. धनीराम कुशवाह, हरी सिंह कुशवाह, श्रीराम धाकड़, गोपाल धाकड़, सखवी, मुन्नी, कमला, महादेवी, रक्षा देवी आदि शामिल हैं।