- Hindi News
- सिवनी की घटना के विरोध में अस्पताल स्टाफ आज सामूहिक अवकाश पर
सिवनी की घटना के विरोध में अस्पताल स्टाफ आज सामूहिक अवकाश पर
मुरैना - सिवनी जिले के लखना दौन में एक मरीज की मौत के बाद महिला डॉक्टर व नर्स के खिलाफ कायम हुए गैर इरादतन हत्या के मामले के विरोध में 31 दिसंबर को मुरैना जिला अस्पताल के डॉक्टर्स व नर्स स्टाफ सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। वैकल्पिक व्यवस्थाओं की तैयारी सीएमएचओ व सिविल सर्जन डॉ. जीएस राजपूत कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार सिवनी जिले के लखना दौन क्षेत्र में एक मरीज की मौत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर डॉ. ज्योतिबाला व स्टाफ नर्स सुश्री रजक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस रजिस्टर्ड किया गया है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी भी की गई। इसके विरोध में मुरैना जिला अस्पताल के डॉक्टर्स मध्यप्रदेश व्यापी आंदोलन के तहत 31 जनवरी को सामूहिक अवकाश ले रहे हैं। इसके आवेदन डॉक्टर्स ने गुरुवार को सीएमएचओ व सिविल सर्जन डॉ. राजपूत को सौंपे हैं। जिला अस्पताल के डेंटल स्पेशलिस्ट डॉ. संजय शर्मा कहते हैं कि डॉक्टर के खिलाफ कोई शिकायत होती है तो उसकी जांच होने के बाद सत्यता पाए जाने पर ही मुकदमा कायम हो सकता है। जबकि इस रूलिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी समेत सिविल सर्जन का चार्ज संभाले डॉ. राजपूत कहते हैं कि अस्पताल के डॉक्टर्स 31 जनवरी को सामूहिक अवकाश ले रहे हैं, जिसके लिए हम अस्पताल में वैकल्पिक व्यवस्था करने जा रहे हैं।