धारदार हथियार से अधेड़ की हत्या
भास्कर संवाददाता - डबरा
ग्राम पंचायत खड़वई के अंतर्गत आने वाले खजुरियाई गांव में एक अधेड़ की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात की है। मृतक गांव से बाहर मंदिर के पास मकान में अकेला रहता था। हत्या का पता तब चला जब अधेड़ के परिजन गुरुवार सुबह करीब ११ बजे उससे मिलने गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर एडीशनल एसपी, एसडीओपी और टीआई ने जांच की लेकिन हत्यारों का सुराग नहीं लग सका।
डबरा थाना क्षेत्र के खजुरियाई गांव में रहने वाले कश्मीर सिंह ((५५)) पुत्र करतार सिंह सिख गांव के बाहर मंदिर के पास एक मकान में अकेले रहते थे। बुधवार की शाम ग्रामीणों ने उन्हें मंदिर के पास देखा था। लेकिन गुरुवार की सुबह करीब ११ बजे जब उनके परिजन मकान में उनसे मिलने पहुंचे तो एक खटिया पर कश्मीर सिंह का शव पड़ा था। किसी ने उनकी धारदार हथियार से हत्या कर दी थी।
परिजन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी योगेश्वर शर्मा, एसडीओपी केके दीक्षित और टीआई जितेंद्र नगाईच मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव को भी बुलाकर मौके पर जांच करवाई गई। साथ ही, स्निफर डॉग की सहायता से भी हत्यारों का सुराग लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका।
ञ्चपुलिस ने कहा- हत्या के पहले मृतक ने किया था विरोध, इसलिए हाथों में आई चोट।
शाम को गांव वालों ने देखा
ग्राम पंचायत खड़वई के सरपंच सुखवेंद्र सिंह ने बताया कि कश्मीर सिंह गांव के बाहर अकेले रहते थे। उनका एक लड़का डबरा में तथा दूसरा गांव में रहता है। बुधवार की शाम गांववालों ने उनको मंदिर के पास देखा था। इसके बाद परिवार के लोग सुबह ११ बजे जब उनके मकान में पहुंचे तो वह खटिया पर मृत पड़े थे।