- Hindi News
- गणतंत्र दिवस कल, स्टेडियम में जनपद अध्यक्ष फहराएंगे तिरंगा
गणतंत्र दिवस कल, स्टेडियम में जनपद अध्यक्ष फहराएंगे तिरंगा
भास्कर संवाददाता - डबरा
गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर नगर के सभी शासकीय कार्यालयों एवं विद्यालयों में तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। गणतंत्र दिवस को लेकर नगर के कई विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा रिहर्सल की जा रही है। वहीं कुछ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने स्टेडियम ग्राउंड में रिहर्सल की।
गणतंत्र दिवस को लेकर शुक्रवार को विद्यार्थियों ने विद्यालयों में रिहर्सल की। इसके अलावा शासकीय कार्यालयों में गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम रविवार को स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। स्टेडियम ग्राउंड में सुबह नौ बजे से नौ बजकर दस मिनट पर मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष कमलेश गुर्जर द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद वह परेड की सलामी लेंगे। सुबह नौ बजकर दस मिनट से नौ बजकर पच्चीस मिनट तक मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा वहीं आखिर में पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा।